फीफा सीरीज 2026 : ब्लू टाइग्रेस तैयार, केन्या से होगी कड़ी टक्कर
नई दिल्ली : भारतीय सीनियर महिला राष्ट्रीय टीम अप्रैल फीफा अंतरराष्ट्रीय महिला मैच विंडो के दौरान केन्या के नैरोबी में आयोजित फीफा सीरीज 2026 में हिस्सा लेगी।
ब्लू टाइग्रेस 11 अप्रैल को सेमीफाइनल में मेजबान केन्या का सामना करेंगी, जिसका किक- ऑफ भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे होगा। इससे पहले दिन के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और मलावी आमने-सामने होंगे, जिसकी शुरुआत शाम 4:30 बजे होगी।
सेमीफाइनल के विजेता और हारने वाली टीमें क्रमशः 15 अप्रैल को फाइनल और तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ मुकाबले में भिड़ेंगी। किसी भी मैच के ड्रॉ रहने पर सीधे पेनल्टी शूटआउट होगा, अतिरिक्त समय नहीं खेला जाएगा। सभी मुकाबले नैरोबी के न्यायो नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।

चार टीमों में भारत फीफा रैंकिंग में 67वें स्थान के साथ दूसरे सबसे ऊंचे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया 15वें स्थान पर है, जबकि मेजबान केन्या और मलावी क्रमशः 133वें और 153वें स्थान पर हैं। 2024 में शुरू की गई फीफा सीरीज एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री टूर्नामेंट है, जिसमें अलग-अलग महासंघों की राष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेती हैं।
इसका उद्देश्य विभिन्न महासंघों की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के अवसर बढ़ाना है, जो सामान्य परिस्थितियों में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलतीं। फीफा के अनुसार, इस पहल का लक्ष्य वैश्विक फुटबॉल विकास को मजबूत करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी अनुभव प्रदान करना है।
फीफा सीरीज 2026 (केन्या) का कार्यक्रम:
- सेमीफाइनल 1 — 16:30 IST, 11 अप्रैल: ऑस्ट्रेलिया बनाम मलावी
- सेमीफाइनल 2 — 20:30 IST, 11 अप्रैल: केन्या बनाम भारत
- स्थान का मैच — 16:30 IST, 15 अप्रैल फाइनल — 20:30 IST, 15 अप्रैल
- स्थान: न्यायो नेशनल स्टेडियम, नैरोबी, केन्या



