पिता को कंधा देकर लौटे रिंकू सिंह, सुपर 8 मुकाबले से पहले टीम से जुड़ेंगे
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। रिंकू पिता के अंतिम संस्कार के लिए घर पहुंचे थे और अब शनिवार को एक बार फिर टीम इंडिया से जुड़ने वाले हैं। इससे पहले भी पिता की तबीयत खराब होने पर रिंकू उनसे मिले थे और फिर टीम से जुड़े थे।
पिता के निधन के बाद रिंकू सिंह ने अलीगढ़ में अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने भावुक होकर पिता की अर्थी को कंधा दिया। वह लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर ग्रेटर नोएडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
पिता की गंभीर हालत होने के कारण रिंकू टी20 विश्वकप को बीच में छोड़कर लौटे थे। हालांकि 26 फरवरी को जिम्बााब्वे के खिलाफ मैच से पहले वह चेन्नई में भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई प्रबंधन ने बताया है कि रिंकू सिंह शनिवार को टीम इंडिया में शामिल हो जाएंगे। भारत के लिए रविवार को ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहद महत्वपूर्ण सुपर 8 मैच है। इस मुकाबले का विजेता सेमीफाइनल में जगह बनाएगा।

उनका अंतिम संस्कार दोपहर करीब दो बजे अलीगढ़ के महुआ खेड़ा इलाके के एक श्मशान घाट पर किया गया। रिंकू अपने भाइयों के साथ अपने पिता की अर्थी को कंधा देते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी 28 वर्षीय रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा हाथ रहा है। अलीगढ़ में गैस सिलेंडर आपूर्ति का काम करने वाले सिंह ने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में हरसंभव मदद की।
खेल जगत से जुड़े कई खिलाड़ियों, प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर भी लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।



