Trending

खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों पर प्रतिबंधों के कारण भारत में फंसी जिम्बाब्वे टीम स्वदेश लौटी

टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने के बावजूद खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों के कारण भारत में फंसी जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम आखिरकार स्वदेश लौट गई।

यह देरी उस समय शुरू हुई जब जिम्बाब्वे को एक मार्च को नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका के हाथों पांच विकेट से हारने के बाद लौटना था। जिम्बाब्वे के लिए यह टूर्नामेंट यादगार रहा। टीम ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ पाई।

आईसीसी ने हस्तक्षेप करते हुए वैकल्पिक यात्रा योजनाओं की व्यवस्था की, जिससे जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों का पहला जत्था बुधवार को भारत से रवाना हो गया।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने जारी बयान में कहा, “आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेने वाली जिम्बाब्वे की सीनियर पुरुष टीम पारगमन संबंधी बाधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के बाद भारत से स्वदेश लौट रही है।

साभार : गूगल

उड़ान की उपलब्धता और संशोधित मार्ग के कारण टीम अलग-अलग बैच में हरारे लौटेगी। खिलाड़ियों का पहला जत्था बुधवार को रवाना हो गया है, जबकि आखिरी जत्था शुक्रवार दोपहर को रवाना होगा।”

टीम को मूल रूप से एमिरेट्स की उड़ान से दुबई होते हुए स्वदेश लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में चल रहे संकट और खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों में व्यवधान के कारण योजना बदलनी पड़ी। अब जिम्बाब्वे की टीम इथियोपिया के अदीस अबाबा होते हुए हरारे पहुंचेगी।

जिम्बाब्वे के साथ ही वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम भी भारत में इसी कारण फंसी हुई है। हालांकि अभी तक उनकी यात्रा योजना के बारे में कोई नई सूचना नहीं मिली है।

Related Articles

Back to top button