Trending

भारत ए ने श्रीलंका ए को हराया, वुमेन्स राइजिंग स्टार्स टी20 एशिया कप फाइनल में एंट्री

कप्तान राधा यादव ने बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए भारत ए की टीम को शुक्रवार को यहां श्रीलंका ए पर पांच विकेट से जीत दिलाकर वुमैन्स राइजिंग स्टार्स टी20 एशिया कप फाइनल में पहुंचाया।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, यह उस पर भारी पड़ गया। राधा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने उसके बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर उन्हें 118 रन पर आउट कर दिया। बाएं हाथ की स्पिनर राधा ने 19 रन देकर चार विकेट लिए।

राधा को एक और बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर (20 रन देकर दो विकेट) और लेग स्पिनर प्रेमा रावत (नौ रन देकर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला।

श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज संजना काविंदी (31 रन) शीर्ष स्कोरर रहीं। 10वें ओवर में श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 71 रन था। लेकिन इसके बाद वे भारतीय स्पिनरों का सामना नहीं कर सकीं और बचे हुए आठ विकेट नौ ओवर में 47 रन के अंदर गंवा दिए।

साभार : गूगल

श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी भागीदारी काविंदी और साथी सलामी बल्लेबाज हंसिमा करुणारत्ने (14) के बीच 36 रन की साझेदारी रही। लक्ष्य का पीछा करते समय भारत ने एक समय 21 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद उसे ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

टीम के लिए वृंदा दिनेश 42 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। लेकिन राधा ने बल्लेबाजी में योगदान करते हुए 18 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए जिससे भारत ने 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। फाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

Related Articles

Back to top button