Trending

टी20 विश्व कप से पहले सियासी शोर पर चुप्पी, मिचेल मार्श का फोकस सिर्फ खिताब पर

टी20 विश्व कप से पहले सियासी और सुरक्षा से जुड़े विवादों के बीच ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी बाहरी शोर में उलझने के मूड में नहीं हैं।

पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के बहिष्कार और बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सवालों की बौछार के बावजूद मार्श ने संयम बनाए रखा और हर बार एक ही संदेश दिया—ऑस्ट्रेलिया का पूरा ध्यान सिर्फ विश्व कप जीतने पर है।

सोमवार रात लाहौर में पाकिस्तान के हाथों टी20 श्रृंखला में 0-3 की हार के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मार्श को न केवल टीम के प्रदर्शन, बल्कि मैदान से बाहर चल रही उन गतिविधियों पर भी जवाब देने को कहा गया जिनके कारण सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

जब उनसे 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार करने के संभावित फैसले पर टिप्पणी मांगी गई, तो मार्श ने स्पष्ट रूप से कहा, “इस समय मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।

साभार : गूगल

हम विश्व कप में सिर्फ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने जा रहे हैं। बाकी चीजें अपने आप सुलझ जाएंगी।” बांग्लादेश द्वारा ‘सुरक्षा चिंताओं’ का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार करने और इसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के मुद्दे पर भी मार्श ने कोई अलग रुख नहीं अपनाया।

उन्होंने दोहराया, “मेरी प्रतिक्रिया वही है। हम विश्व कप जीतने की कोशिश कर रहे हैं और हमारा पूरा ध्यान इसी पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के रूप में हमें भरोसा है कि वहां के लोग हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।”

ऑस्ट्रेलिया विश्व कप के शुरुआती चरण में श्रीलंका में रहेगा, जहां उसे श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान जैसी टीमों से मुकाबला करना है। ऐसे में उपमहाद्वीप की परिस्थितियों के अनुकूल ढलना टीम की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ मिली करारी हार और स्पिन गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की नाकामी को लेकर सवाल उठे, लेकिन मार्श ने इसे जरूरत से ज्यादा तूल नहीं दिया। मोहम्मद नवाज, शादाब खान और अबरार अहमद की स्पिन तिकड़ी ने इस श्रृंखला में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खासा परेशान किया और तीनों ने मिलकर 17 विकेट झटके।

इस पर मार्श ने कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि हमने इस श्रृंखला में संघर्ष किया, लेकिन पिछले 18 महीनों में हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक रहे हैं। हमने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है और यहां मिले अनुभव का इस्तेमाल हम विश्व कप में जरूर करेंगे।”

उन्होंने भरोसा जताया कि टीम इन परिस्थितियों में खुद को साबित करने में सक्षम है। “हम जानते हैं कि इस तरह की परिस्थितियों में हम अच्छा खेल सकते हैं और इसी वजह से हम विश्व कप को लेकर बेहद उत्साहित हैं,” मार्श ने कहा।

Related Articles

Back to top button