Trending

जूनियर पुरुष स्टेट हॉकी : लखनऊ हास्टल व लखनऊ मंडल क्वार्टर फाइनल में

लखनऊ। पदम श्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम गोमती नगर लखनऊ में होने जारी खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रेष्ठ खेल क्षमता का परिचय दिया।

दिनभर खेले गए मैचों में तेज़ आक्रामक खेल, सटीक पासिंग और प्रभावशाली फील्ड गोल देखने को मिले। दिन के पहले मुकाबले में मेरठ मंडल ने शानदार संयोजन और मजबूत डिफेंस के बल पर चित्रकूट मंडल को 4–0 से पराजित किया।

वहीं सहारनपुर मंडल ने बेहतरीन तालमेल के साथ खेल दिखाते हुए अलीगढ़ मंडल को 4–0 से मात दी। टूर्नामेंट के हाई–स्कोरिंग मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने वाराणसी मंडल को 6–1 से हराया, जबकि स्पोर्ट्स हॉस्टल रामपुर ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए कानपुर मंडल को 8–0 से परास्त किया।

एक अन्य मुकाबले में बस्ती मंडल ने झाँसी मंडल को 4–1 से हराया, वहीं सधे हुए खेल के दम पर मिर्जापुर मंडल ने देविपाटन मंडल पर 2–0 से जीत दर्ज की।

रोमांचक मुकाबले में गोरखपुर मंडल ने आगरा मंडल को 2–1 से मात दी, जबकि कड़े संघर्ष वाले मैच में मुरादाबाद मंडल ने अयोध्या मंडल को 2–1 से पराजित किया। इन विजयों के साथ क्वार्टर फाइनल लाइनअप तय हो गया है।

क्वार्टर फाइनल मुकाबले (29 दिसम्बर 2025)

  1. स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ बनाम बरेली मंडल
  2. लखनऊ मंडल बनाम स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी
  3. स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई बनाम स्पोर्ट्स हॉस्टल झाँसी
  4. स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ बनाम बस्ती मंडल

Related Articles

Back to top button