डेरिल मिशेल बने आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1, विराट कोहली से बेहतर शुरुआती आंकड़े
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिशेल ने ताजा आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शतक जड़ उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
डेरिल मिशेल के नंबर-1 बनने के साथ न्यूजीलैंड का 46 साल का सूखा खत्म हुआ है। दरअसल, 1979 के बाद कोई कीवी बल्लेबाज आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बनने में कामयाब रहा है।
डेरिल मिशेल अपने करियर की रेड हॉट फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में आईए एक नजर डेरिल मिशेल और विराट कोहली के आंकड़ों पर डालते हैं। मिशेल ने अभी तक 56 वनडे खेले हैं तो हम यहां विराट कोहली के भी पहले 56 वनडे के ही आंकड़े ले रहे हैं। 56 वनडे मैचों में डेरिल मिशेल ने 53.13 के औसत और 93.85 के स्ट्राइक रेट से कुल 2,338 रन बनाए हैं।

वहीं बात विराट कोहली की करें तो अपने करियर का शुरुआती 56 वनडे के बाद उनके खात में 2037 रन थे, जो उन्होंने 44.28 की औसत और 81.80 की स्ट्राइक रेट के साथ बनाए थे। रनों और औसत दोनों के मामले में यहां मिसेल विराट कोहली से आगे हैं। 56 वनडे खेल चुके मिशेल ने सात शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।
उनका बेस्ट स्कोर 134 रन था जो उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 119 गेंदों पर बनाया था। वहीं विराट कोहली ने अपने पहले 56 वनडे में 5 ही शतक जड़े थे, मगर इस दौरान उनके नाम 14 अर्धशतक भी थे। 56 वनडे खेल चुके डेरिल मिशेल 31 मुकाबलों में न्यूजीलैंड की जीत का हिस्सा रहे हैं।
न्यूजीलैंड की जीत में उनके बल्ले से 1368 रन 65.14 की औसत और 98.98 के स्ट्राइक रेट के साथ निकले हैं, जिसमें 3 शतक और 8 अर्धशतक शामिल है। वहीं विराट कोहली के पहले 56 वनडे मैचों भारत ने 35 मैच जीते। कोहली ने जीते हुए मैचो में 54.67 के औसत और 84.39 के स्ट्राइक रेट से 1,531 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 9 अर्धशतक जड़े।



