Trending

ईशा सिंह का पहला व्यक्तिगत विश्व चैंपियनशिप पदक, मनु भाकर फिर रह गईं खाली हाथ

भारतीय निशानेबाज ईशा सिंह ने शुक्रवार को यहां महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपना पहला व्यक्तिगत विश्व चैंपियनशिप पदक हासिल किया, पेरिस ओलंपिक पदक चैंपियन मनु भाकर एक बार फिर पोडियम स्थान से चूक गईं।

ईशा ने फाइनल में 30 का स्कोर बनाया जिससे वह फॉर्म में चल रही चीन के याओ कियानक्सुन (38, रजत पदक) और कोरिया की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन यांग जिन (40, स्वर्ण) से पीछे रहीं। ईशा के पदक से भारत ने टूर्नामेंट में 10 ओलंपिक स्पर्धाओं में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए।

भारत कुल मिलाकर तीन स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि चीन 10 स्वर्ण पदकों के साथ पहले और कोरिया छह स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। ईशा और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने रैपिड-फायर राउंड में क्रमशः 587 और 586 अंक हासिल करके शीर्ष आठ में जगह बनाई।

@OfficialNRAI

ईशा ने क्वालीफाइंग में पांचवां जबकि मनु ने छठा स्थान हासिल किया। राही सरनोबत के 572 अंक भारतीय तिकड़ी के लिए टीम पदक जीतने के लिए काफी नहीं थे जिससे वे 1745 अंक से चौथे स्थान पर रहीं।

टीम कांस्य पदक जीतने वाली फ्रांस की टीम से तीन अंक पीछे रही। ईशा का यह इस साल का तीसरा व्यक्तिगत आईएसएसएफ पदक था। इससे पहले उन्होंने विश्व कप चरण में स्वर्ण और रजत पदक जीता था। अब वह दिसंबर में दोहा में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में खेलेगी।

Related Articles

Back to top button