भारत ने 2026 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ‘किंग्स मशाल’ का अनावरण किया
मंगलवार को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक भव्य समारोह में 2026 के ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए “किंग्स मशाल” का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार की खेलों को बढ़ावा देने और 2047 तक भारत को दुनिया के शीर्ष पांच खेल राष्ट्रों में शामिल करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मांडविया ने कहा, “किंग्स मशाल रिले केवल खेलों की शुरुआत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रमंडल में सद्भाव, दृढ़ता और प्रगति के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है।
भारत आज विश्व स्तरीय टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है और पदक भी जीत रहा है। हमारी योजना है कि 2036 तक हम शीर्ष 10 पदक विजेताओं में शामिल हों और 2047 तक, स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होने पर, शीर्ष पांच खेल राष्ट्रों में हों।”

इस बार के राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मशाल निर्माण में 74 सदस्य देशों को अपनी संस्कृति और कला के अनुसार डिजाइन करने की अनूठी पहल की गई है। प्रत्येक देश की कलाकृतियाँ मिलकर एक एकीकृत मशाल तैयार करेंगी, जो चार साल बाद खेलों की शुरुआत में एक वैश्विक प्रतीक के रूप में जगमगाएगी।
भारत द्वारा अनावरण की गई त्रिमुखी मशाल की डिजाइन में देश की विविध जीव-जंतुओं, वनस्पतियों और धर्मग्रंथों का समावेश है, जो भारतीय संस्कृति की समृद्धि और प्रगतिशील सोच को दर्शाता है।
अब यह मशाल अहमदाबाद जाएगी, जिसे 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के मेजबान शहर के रूप में अनुशंसित किया गया है। इस पर अंतिम निर्णय इस महीने के अंत तक लिया जाएगा।



