नोवाक जोकोविच ने एथेंस में जीत के बाद लिया एटीपी फाइनल्स से नाम वापस
38 वर्षीय सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच ने एथेंस में हेलेनिक चैंपियनशिप का खिताब जीतने के कुछ ही घंटे बाद फैंस को चौंकाते हुए एटीपी फाइनल्स से नाम वापस लेने का ऐलान किया। जोकोविच ने करीब तीन घंटे तक चले रोमांचक फाइनल में लोरेंजो मुसेट्टी को 4-6, 6-3, 7-5 से हराकर खिताब जीता।
निर्णायक सेट में कुल 13 ब्रेक प्वाइंट और पांच बार सर्विस ब्रेक देखने को मिले, जिसने मुकाबले को और भी नाटकीय बना दिया। मुसेट्टी के लिए यह लगातार छठी हार रही, जबकि उन्होंने 2022 में हैम्बर्ग और नेपल्स में अपने पहले दो खिताब जीते थे।
खिताब जीतने के बाद जोकोविच ने अपनी चोट का हवाला देते हुए कहा, “मुझे दुख है कि चोट के कारण एटीपी फाइनल्स से हटना पड़ रहा है। मुझे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी होगी। मैं उन फैंस से माफी चाहता हूं, जो मुझे खेलते हुए देखने की उम्मीद कर रहे थे। आपका समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”

जोकोविच के इस फैसले के बाद मुसेट्टी अब ट्यूरिन में होने वाले एटीपी फाइनल्स में उनकी जगह लेंगे। गौरतलब है कि 2024 में भी चोट के कारण जोकोविच इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से बाहर रहे थे।
इस जीत के साथ, जोकोविच ने हार्ड कोर्ट पर अपने 72वें टूर-स्तरीय खिताब के साथ ओपन एरा में सर्वाधिक खिताब जीतने के मामले में रोजर फेडरर के बराबरी कर ली है। जोकोविच ने जीत के बाद कहा, “मैं यह खिताब ग्रीस के लोगों को समर्पित करता हूं। आपका समर्थन मुझे घर जैसा महसूस कराता है।
यह जीत उन परिवारों के साथ और भी खास हो गई जो यहां मौजूद थे। इस खूबसूरत टूर्नामेंट को इतना यादगार बनाने के लिए आयोजकों और सभी लोगों का धन्यवाद।” जोकोविच ने मुसेट्टी की तारीफ करते हुए पोस्ट में लिखा, “मुसेट्टी, क्या शानदार मुकाबला था! अविश्वसनीय प्रदर्शन। तुम्हारा भविष्य बहुत उज्ज्वल है, इसे जारी रखो।”



