झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर सीएम योगी ने जताया दुःख

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सोमवार को लिखा, “ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!”
उन्होंने लिखा कि जनजातीय समाज के उन्नयन में उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका डेढ़ महीने से इलाज चल रहा था।
शिबू सोरेन को किडनी संबंधी समस्याओं के चलते जून के आखिरी हफ्ते में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन की जानकारी एक्स पर दी।
शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को हजारीबाग के नेमरा गांव में हुआ था। उनके निधन को झारखंड की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है।



