बीजेपी सरकार में विकास की परियोजनाओं को मिल रही रफ्तार: ब्रजेश पाठक

वाराणसी/लखनऊ/ विद्याशंकर राय: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में 2200 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम को लेकर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि विकास की इस रफ्तार के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। भाजपा सरकार में विकास को नई रफ्तार मिल रही है।
ब्रजेश पाठक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि, आज यूपी इतनी तेज गति से औद्योगिक विकास कर रहा है। देश और दुनिया की बड़ी बड़ी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं, इसके पीछे भाजपा की विकासपरक नीतियों की बड़ी भूमिका है।
उन्होंने आगे लिखा है कि सपा के समय में यूपी में अपराधी बेखौफ थे, निवेशक यहां आने से भी डरते थे। लेकिन भाजपा की सरकार में अपराधी में खौफ है, और निवेशक यूपी के भविष्य में भरोसा देख रहे हैं… मैं विकास की इस रफ्तार के लिए यूपी सरकार को बधाई देता हूं।
गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही वाराणसी पहुँच गए थे। उनके अलावा दूसरे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी वाराणसी पहुँचे हैं। यहां पहुंचने के बाद दोनों नेताओं बी काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया था।



