Trending

प्राग मास्टर्स : अमेरिका के सैम शैंकलैंड से भिड़ेंगे आर प्रज्ञानानंदा

एक दिन के आराम के बाद भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा प्राग मास्टर्स के छठे दौर में बुधवार को अमेरिका के सैम शैंकलैंड से भिड़ेंगे। प्रज्ञानानंदा हाल ही फिडे की रैंकिंग में अपना सर्वश्रेष्ठ आठवां स्थान हासिल करने के बाद बढ़े हुए हौसले के साथ इस मुकाबले में उतरेंगे।

PTI

वह हमवतन अरविंद चिदंबरम के साथ प्राग मास्टर्स की तालिका में शीर्ष स्थान पर है। दोनों खिलाड़ियों ने पांचवें दौर में एक-दूसरे का सामना किया था और यह मुकाबला बराबरी पर छूटा था। दोनों के नाम संभावित पांच में 3.5-3.5 अंक हैं।

चिदंबरम के सामने वियतनाम के अनुभवी क्वांग लीम की चुनौती होगी। इन दोनों भारतीयों के बाद चार खिलाड़ी 2.5 अंक के साथ तालिका में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। इसमें अनीश गिरी और क्वांग लीम ने अपने सभी मैच ड्रॉ खेले है।

दस खिलाड़ियों के राउंड रॉबिन टूर्नामेंट के अभी चार दौर बाकी हैं। अरविंद अब तक टूर्नामेंट सबसे प्रभावित करने वाले खिलाड़ी रहे है। ज्यादातर लोगों को इस पूर्व राष्ट्रीय विजेता से टूर्नामेंट के मध्य में शीर्ष पर रहने की उम्मीद नहीं थी।

प्रज्ञानानंदा ने अब तक कीमर और गुयेन थाई दाई वान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर दो जीत दर्ज किये हैं। शाकलैंड के बाद उनके सामने क्वांग लीम और वेई यी और आखिरी दौर में गिरी की चुनौती होगी।

चिदंबरम को सातवें दौर में गिरी जबकि आखिरी दो दौरे में चेक गणराज्य के डेविड नवारा और तुर्किये के गुरेल एडिज से भिड़ना होगा। चैलेंजर्स वर्ग में एकमात्र भारतीय दिव्या देशमुख के नाम 1.5 अंक हैं। वह आखिरी चार दौर में कुछ महत्वपूर्ण रेटिंग अंक हासिल करने की कोशिश करेंगी।

Related Articles

Back to top button