Trending

पैपराजी से नाराज हुईं रानी मुखर्जी

बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचीं रानी उस वक्त पैपराजी से नाराज नजर आईं, जब उन्हें लगा कि कहीं उनकी बेटी आदिरा की तस्वीरें भी कैमरे में कैद न हो गई हों। रानी ने फोटोग्राफर्स से तुरंत पूछा, “बेटी की तस्वीर तो नहीं ली है ना?” इसके बाद उन्होंने कैमरे की ओर देखकर तसल्ली की कि आदिरा की कोई तस्वीर रिकॉर्ड नहीं हुई है। दरअसल, रानी को लेने उनकी बेटी आदिरा एयरपोर्ट पहुंची थीं, लेकिन वह कैमरों से दूर रहीं और उनकी कोई तस्वीर सामने नहीं आई।

 

रानी मुखर्जी और उनके पति, फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा, शुरू से ही अपनी बेटी की निजता को लेकर बेहद सजग रहे हैं। दोनों ने कभी भी आदिरा को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखने की अपनी नीति नहीं बदली। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रानी के इस रवैये की सराहना की। प्रशंसकों का कहना है कि एक जिम्मेदार मां के तौर पर रानी ने अपनी बेटी की निजता की रक्षा के लिए जो कदम उठाया, वह पूरी तरह उचित है।

 

गौरतलब है कि रानी और आदित्य ने वर्ष 2014 में इटली में बेहद निजी समारोह में शादी की थी और 2015 में आदिरा का जन्म हुआ था।

 

कामकाज की बात करें तो रानी मुखर्जी हाल ही में फिल्म ‘मर्दानी 3’ में नजर आई थीं। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में उन्होंने एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया, जो बाल तस्करी और बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान चलाती हैं। फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और अब यह ओटीटी मंच पर भी उपलब्ध है। वहीं, एयरपोर्ट का यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि रानी अपनी बेटी की निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने के फैसले पर आज भी कायम हैं।

Related Articles

Back to top button