नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 29 करोड़ 32 लाख से अधिक नागरिकों को जागरूक बनाया गया

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : नशा मुक्त भारत अभियान-एन.एम.बी.ए के अंतर्गत सामुदायिक भागीदारी और राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान चलाकर देशभर में 29 करोड़ 32 लाख से अधिक नागरिकों को जागरूक बनाया गया है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने बताया कि नशा मुक्ति हेल्पलाइन पर मदद के लिए लगभग 4 लाख 60 हजार कॉल प्राप्त हुए हैं।
मंत्रालय ने कहा कि हाल ही में शुरू किए गए एन.एम.बी.ए ऐप 2.0 से जागरूकता गतिविधियों की रियल टाईम रिपोर्टिंग को सक्षम बनाकर और कई नागरिक-केंद्रित सुविधाएं पेश करके कार्यान्वयन को और मजबूत किया गया है।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान देश की प्रमुख राष्ट्र निर्माण पहलों में से एक है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से भारत को नशा मुक्त बनाने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, पुलिस, गैर सरकारी संगठनों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को सफलतापूर्वक एक साथ लाया गया है।



