राजस्थान की जीत की ‘हैट्रिक’, मुंबई को हराकर अंक तालिका के शिखर पर पहुंचे रॉयल्स
यशस्वी जायसवाल के धमाकेदार अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के वर्षा से प्रभावित 11 ओवर के मैच में मुंबई इंडियन्स को 27 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत और छह अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर आ गई।
बारिश की वजह से मैच दो घंटे और 40 मिनट के विलंब से शुरू किया गया, जिसके कारण इसे 11 ओवर का कर दिया गया। रॉयल्स के 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई कभी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी और 123 रन ही बना सकी।
मुंबई से नमन धीर (25) और शेरफेन रदरफोर्ड (25) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। रॉयल्स से नांद्रे बर्गर (दो विकेट), रवि बिश्नोई (दो विकेट) और संदीप शर्मा (दो विकेट) ने चटकाए।
जायसवाल ने नाबाद 77 रन की पारी खेलने के अलावा वैभव सूर्यवंशी (39 रन) के साथ पांच ओवर में 80 रन जोड़े, जिससे रॉयल्स ने 150 रन बनाए। मुंबई से स्पिनर अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो विकेट चटकाए। शार्दुल ठाकुर ने भी एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई की शुरुआत खराब रही और तीसरे ओवर में 22 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। टीम ने पहले ही ओवर में रेयान रिकेल्टन (08) का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच थमाया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव (06) ने तेज गेंदबाज बर्गर पर छक्का जड़ा, लेकिन फिर आर्चर को कैच दे बैठे, जबकि संदीप शर्मा ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (05) को पगबाधा करके मुंबई को तीसरा झटका दिया। मुंबई पावर प्ले के 3.2 ओवर में तीन विकेट पर 30 रन ही बना सकी।
बिश्नोई ने कप्तान हार्दिक पंड्या (09) और तिलक वर्मा (14) को चार गेंद के भीतर आउट करके मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 46 रन किया। नमन और रदरफोर्ड ने पारी को संभाला, सिर्फ हार के अंतर को कम कर पाए। रदरफोर्ड ने देशपांडे पर दो छक्के मारे, लेकिन फिर स्लिप में संदीप को कैच दे बैठे।
नमन ने भी इसके बाद बर्गर की गेंद पर बिश्नोई को कैच थमा दिया। इससे पहले हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद जायसवाल और सूर्यवंशी ने रॉयल्स को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए 3.2 ओवर के पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े।
जायसवाल ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौकों और एक छक्के से 22 रन जोड़े, सूर्यवंशी ने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह पर दो छक्के मारे। जायसवाल ने तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर तीन छक्कों से 22 रन जुटाकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में शार्दुल ठाकुर पर दो छक्के और एक चौका मारा, लेकिन अंतिम गेंद पर डीप कवर बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे।
गजनफर ने ध्रुव जुरेल (02) को पगबाधा करके रॉयल्स को दूसरा झटका दिया। जायसवाल ने पंड्या पर चौके के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। कप्तान रियान पराग (20) ने पंड्या और गजनफर पर छक्के मारे, इस स्पिनर की गेंद पर तिलक के हाथों लपके गए। पारी के अंतिम ओवर में जायसवाल ने शार्दुल पर तीन चौकों के साथ टीम को 150 रन तक पहुंचाया।



