पंत की अपार प्रतिभा, लेकिन रणनीति के साथ खेलना होगा – डु प्लेसी की राय
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी का मानना है कि ऋषभ पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बोला कि पंत को जोखिम लेने के बजाय आगामी आईपीएल में अपनी निरंतरता पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
पंत ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करते हुए पिछले सत्र में चौथे नंबर से सलामी बल्लेबाज के रूप में और फिर निचले क्रम पर भी बल्लेबाजी की। लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए अंतिम मैच में उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 118 रन की शानदार पारी खेली।
डु प्लेसी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘शायद पंत के लिए तीसरे नंबर पर खेलने का मौका हो।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह तीसरे नंबर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं। मैंने पिछले सत्र में उन्हें लखनऊ के लिए तीसरे नंबर पर खेलते देखा जब निकोलस पूरन चौथे नंबर पर उतरे थे।’’

आरसीबी के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘लखनऊ टीम की 2026 की नीलामी को देखें तो उनके पास शीर्ष क्रम में पंत के साथ एडेन मार्करम, मिचेल मार्श और पूरन जैसे धुरंधर खिलाड़ी हैं। पंत को अपना प्रभाव छोड़ना होगा।’’ लखनऊ सुपर जाइंट्स का पहला मैच 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है।
डु प्लेसी ने कहा, ‘‘पंत अपार प्रतिभा के धनी हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्हें बल्लेबाजी करते देखो तो लगता है कि उनके पास सभी शॉट्स मौजूद हैं। उनके दिमाग में कई विकल्प चलते रहते हैं। उन्हें लगता है कि वह मैदान के किसी भी हिस्से में हर गेंद पर छक्का लगा सकते हैं।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘लेकिन टी20 क्रिकेट में रणनीति बनाना बहुत जरूरी है। महान टी20 बल्लेबाजों को देखो, जो यह सोचते हैं कि कब चौके-छक्के लगाने हैं और किन कमजोरियों पर काम करना है।’’
डु प्लेसी ने कहा, ‘‘पंत को खेलते देखो तो ऐसा लगता है कि वह किसी भी समय आउट हो सकते हैं क्योंकि वह बहुत जोखिम लेते हैं। उन्हें टेस्ट क्रिकेट की तरह टी20 में भी एक रणनीति अपनानी होगी। हर गेंद पर जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। उन्हें अपनी निरंतरता पर काम करना होगा।’’



