Trending

न्यूजीलैंड ने तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट हराया, सीरीज में 2-1 से बढ़त

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड : गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लैथम की नाबाद 63 रन की अर्धशतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका को तीसरे टी-20 मुकाबले में आठ विकेट से हरा दिया।

 

ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 136 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने 16.2 ओवरों में दो विकेट पर 137 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।

 

137 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज ने 11वें ओवर में डेवोन कॉन्वे को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। कॉन्वे ने 26 गेंदों में चार चौके और दो छक्के कीम मदद से 39 रन बनाये। टिम रॉबिन्सन 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद निक केली ने एक रन लेते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की। टॉम लैथम ने 55 गेंदों में सात चौके और दो छक्के जड़ते हुए नाबाद 63 रनों की पारी खेली।

 

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और उसके नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। टीम के लिए नकोबानी मोकोएना ने सबसे ज्यादा नाबाद 26 रन की पारी खेली। उनके अलावा जॉर्ज लिंडे ने 23, डियान फॉरेस्टर ने 17, गेराल्ड कोएत्जी ने 16, कॉनर एस्टरहुइजन और टोनी डी जोर्जी ने 15-15 रनों का योगदान दिया।

 

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर, काइल जैमीसन और बेन सियर्स ने 2-2 विकेट चटकाए। लॉकी फर्ग्यूसन, जेम्स नीशम और कोल मैककॉन्ची ने 1-1 विकेट लिया।

 

दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा टी-20 मैच 22 मार्च को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button