Trending

चेन्नई सुपर किंग्स की बढ़ी मुश्किल, नाथन एलिस पूरे सीजन के लिए बाहर

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के आगाज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से वह इस सीजन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है। टीम ने ‘एक्स’ पर लिखा, “नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

एलिस को टीम ने नीलामी में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले वह चार सीजन तक पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे थे। पिछले एक साल में ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा, इसलिए इस सीजन में उनकी भूमिका टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही थी।

@ChennaiIPL

एलिस का बाहर होना चेन्नई के लिए बड़ा नुकसान है, क्योंकि टीम की तेज गेंदबाजी पहले से ही कमजोर मानी जा रही थी। अब विदेशी तेज गेंदबाजों में सिर्फ मैट हेनरी, जेमी ओवरटन और जैक फॉल्क्स ही बचे हैं। वहीं भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी शामिल हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली इस टीम में शिवम दुबे और अमन खान जैसे ऑलराउंडर भी मौजूद हैं, जो गेंदबाजी में योगदान दे सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी।

इसके बाद 3 अप्रैल को टीम का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा, जबकि 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। 11 अप्रैल को चेन्नई अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की मेजबानी करेगी।

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। टीम ने 14 मैचों में से सिर्फ 4 जीते, जबकि 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button