Trending

नेमार की चोट के बाद मैत्री मैचों से बाहर, विश्व कप टीम में जगह पर अनिश्चितता

ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार को इस महीने अमेरिका में होने वाले मैत्री मैचों के लिए ब्राजील की फुटबॉल टीम में जगह नहीं दी गई है, जिससे उनके विश्व कप में खेलने की संभावनाओं पर संदेह पैदा हो गया है।

नेमार, जो ब्राजील के पूर्व कप्तान भी रह चुके हैं, अक्टूबर 2023 में चोटिल हुए थे और तब से पूर्ण फिटनेस हासिल करने में संघर्ष कर रहे हैं। ब्राजील की टीम 26 मार्च को बोस्टन में फ्रांस के खिलाफ और चार दिन बाद ऑरलैंडो में क्रोएशिया के खिलाफ मैत्री मैच खेलेगी।

ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने सोमवार को कहा, ‘‘यह टीम उन खिलाड़ियों से बनाई गई है जो पूरी तरह फिट हैं।’’ हाल ही में ब्राजीलियन लीग में सैंटोस और कोरिनथियंस के बीच 1-1 ड्रॉ में नेमार का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर पर नहीं था।

© Getty

साओ पाउलो में मीडिया से बात करते हुए नेमार ने कहा कि दो मैत्री मैचों के लिए टीम में शामिल न होने से उन्हें दुख और निराशा हुई है। हालांकि, उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि वे विश्व कप टीम में जगह बनाने में सफल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा पूरा ध्यान हर अभ्यास सत्र और हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने पर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे। अभी अंतिम टीम का चयन होना बाकी है।’’ विश्व कप टीम की घोषणा 18 मई को की जाएगी और टीम का अंतिम अभ्यास मैच 31 मई को रियो डी जनेरियो में पनामा के खिलाफ होगा।

Related Articles

Back to top button