सुपर-8 में साउथ अफ्रीका की लगातार दूसरी जीत, वेस्टइंडीज पर एकतरफा वार
टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराया। गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए 177 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने सिर्फ एक विकेट गंवाकर 16.1 ओवर में हासिल कर लिया।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को कप्तान एडेन मार्करम और क्विंटन डी कॉक ने विस्फोटक शुरुआत दी। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए महज 48 गेंदों में 95 रन जोड़े। डी कॉक 24 गेंदों पर 47 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद रोस्टन चेज का शिकार बने।
इसके बाद मार्करम को रयान रिकेल्टन का साथ मिला। रिकेल्टन और मार्करम ने दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में नाबाद 82 रन जोड़े। मार्करम 46 गेंदों में 82 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के जड़े। रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। वेस्टइंडीज से एकमात्र विकेट रोस्टन चेज ने हासिल किया।
वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए। टीम से रोमारियो शेफर्ड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोके। वहीं, जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रनों का योगदान दिया। हालांकि, होल्डर और शेफर्ड को छोड़कर बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए।

कप्तान शाई होप 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रैंडन किंग ने 21 रन बनाए। टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे शिमरोन हेटमायर को महज 2 रन पर कगिसो रबाडा ने पवेलियन भेज दिया।
रोवमैन पॉवेल भी केवल 9 रन ही बना सके। रोस्टन चेज 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड 12 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। एक समय वेस्टइंडीज 83 रन पर 7 विकेट गंवाकर संकट में थी, लेकिन होल्डर और शेफर्ड ने 89 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
साउथ अफ्रीका से गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। कगिसो रबाडा और कॉर्बिन बॉश ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए।

सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने भारत को 76 रनों से हराया था। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका सुपर-8 ग्रुप-1 में पहले स्थान पर पहुंच गई है और टीम का नेट रन रेट +2.890 हो गया है।
साउथ अफ्रीका की इस बड़ी जीत से टीम इंडिया को भी फायदा हुआ है। अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने शेष दोनों मुकाबले जीतने होंगे। वेस्टइंडीज की इस हार के बाद नेट रन रेट का दबाव सूर्या की सेना से काफी हद तक कम हो गया है।



