Trending

मिडिल ईस्ट संकट का असर: भारत में फंसी वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें

वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना आखिरी मैच 1 मार्च की रात को खेला। कैरेबियाई टीम सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर पाई। ऐसे में खिलाड़ियों को अपने-अपने घर लौटना था, लेकिन वे भारत में ही फंसे हुए हैं।

इसके पीछे का कारण ये है कि अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। यही वजह है टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल की दौड़ से से बाहर होने वाली वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम भारत में ही फंसी हुई है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा है कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। खाड़ी क्षेत्र में हवाई सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी नुकसान की खबर है, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक बयान में कहा, ”सीडब्ल्यूआई यह बताना चाहता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज की सीनियर पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधों के कारण भारत से रवाना नहीं हो पाई।”

साभार : सोशल मीडिया

वेस्टइंडीज की टीम को कोलकाता में खेले गए सुपर आठ के करो या मरो के मैच में भारत से हार का सामना करना पड़ा और इस तरह वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। सीडब्ल्यूआई ने बयान में कहा, ”वर्तमान स्थिति में हमारे प्रशंसकों, परिवारों और हितधारकों की समझ और चिंता के लिए सीडब्ल्यूआई आभारी है।”

वेस्टइंडीज के अलावा जिम्बाब्वे के खिलाड़ी भी इसी कारण से भारत में फंसे हुए हैं। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोमवार को पुष्टि की कि टीम दिल्ली में ही है। उसने कहा कि यात्रा की नई व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने जारी बयान में कहा, ”टीम को दुबई के रास्ते स्वदेश लौटना था, लेकिन मध्य पूर्व में बदलती स्थिति के कारण प्रमुख पारगमन मार्ग बाधित हो जाने से यात्रा कार्यक्रम पर असर पड़ा है।” आईसीसी वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के साथ काम कर रहा है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुसार, ”जिम्बाब्वे क्रिकेट आईसीसी और टीम के प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क में है ताकि टीम की सुरक्षित और समय पर वापसी सुनिश्चित हो सके।” जिम्बाब्वे को रविवार को यहां खेले गए सुपर आठ के अपने आखिरी मैच में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जिम्बाब्वे की टीम एक भी मैच सुपर 8 में नहीं जीत पाई।

Related Articles

Back to top button