युद्ध के बीच दुबई में फंसे डेनिल मेदवेदेव, खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी में जुटा एटीपी टूर
यूएस ओपन के पूर्व विजेता डेनिल मेदवेदेव ने बताया कि वह उन ‘कुछ खिलाड़ियों और टीम सदस्यों में शामिल है जिन्हें ‘एटीपी टूर’ दुबई से सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है। पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण व्यापक स्तर पर उड़ानें रद्द हो गई हैं और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई है।
मेदवेदेव ने पिछले सप्ताह दुबई में एटीपी टूर्नामेंट जीता था, जिसके बाद उड़ान रद्द होने से वे वहीं रुकना पड़ा।एटीपी टूर ने सोमवार को जारी बयान में कहा, ”हमारे खिलाड़ियों, स्टाफ और टूर्नामेंट कर्मियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हालिया एटीपी 500 इवेंट के समापन के बाद कुछ खिलाड़ी और टीम सदस्य अब भी दुबई में हैं।
खिलाड़ियों और उनकी टीमों को टूर्नामेंट के आधिकारिक होटलों में ठहराया गया है, जहां उनकी तत्काल जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।” मेदवेदेव और अन्य खिलाड़ियों को कैलिफोर्निया के इंडियन वेल्स में होने वाले बीएनपी परिबास ओपन में हिस्सा लेना है, जहां मुख्य ड्रॉ मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे।

एटीपी ने कहा, “हम प्रभावित खिलाड़ियों, टूर्नामेंट आयोजकों और सुरक्षा सलाहकारों के साथ सीधे संपर्क में हैं। फिलहाल यात्रा संबंधी आकलन एयरलाइन संचालन और आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी है। परिस्थितियां अनुकूल होते ही खिलाड़ियों और उनकी टीमों की सुरक्षित रवानगी सुनिश्चित करने के लिए हम आवश्यक सहयोग जारी रखेंगे।”
टेनिस खिलाड़ियों के अलावा इंग्लैंड (इंग्लैंड लायंस) और पाकिस्तान (पाकिस्तान शाहिन्स) की ए टीमें भी यूएई में मौजूद थीं। दोनों के बीच प्रस्तावित मुकाबला रविवार को रद्द कर दिया गया। युवा बास्केटबॉल खिलाड़ियों को भी यात्रा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जब वहां आयोजित यूरोलीग टूर्नामेंट सप्ताहांत में रद्द कर दिया गया।
क्षेत्र में कई खेल आयोजनों पर असर पड़ा है। एशियाई चैंपियंस लीग फुटबॉल मुकाबले और कतर लीग को स्थगित कर दिया गया है। वहीं फॉर्मूला वन की संचालन संस्था ने सोमवार को कहा कि वह क्षेत्र में होने वाली आगामी रेसों पर विचार करते समय ‘सुरक्षा ‘ को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।



