तेजल का तूफान, गेंदबाजों का कमाल – भारत बना एसीसी महिला एशिया कप चैंपियन
भारतीय महिला टीम ने एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 88 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 46 रन से मुकाबला जीत लिया।
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 44 रन के स्कोर पर ही चार विकेट गिर गए। वृंदा दिनेश 19 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि नंदीनी कश्यप और अनुष्का शर्मा ने 8-8 रन बनाए। मिनू मणी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
चार विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई थी, लेकिन तेजल हसबनीस और कप्तान राधा यादव ने पारी को संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जब टीम का स्कोर 113 रन था, तब राधा यादव 30 गेंदों में 1 छक्का और 3 चौकों से 36 रन बनाकर आउट हुईं।
तेजल हसबनीस ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 34 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों से 51 रन बनाए। इन दोनों पारियों से भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 134 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

बांग्लादेश की ओर से कप्तान फाहिमा खातून ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। फरजाना एसमिन और फातिमा जहान सोनिया को 1-1 विकेट मिला।
135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर सिमट गई और 46 रन से फाइनल मुकाबला हार गई। बांग्लादेश की ओर से विकेटकीपर शमिमा सुल्ताना ने 20 रन, सरमिन सुल्ताना ने 18 रन और कप्तान फहिमा खातुन ने 14 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकीं।
भारत की ओर से प्रेमा रावत ने 3 विकेट लिए। सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने 2-2 विकेट झटके, जबकि सायमा ठोकर और मिनू मणी को 1-1 सफलता मिली।



