Trending

ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को हराकर टी20 विश्व कप में अपना अभियान समाप्त किया

टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का अपमान झेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी लीग मैच में शुक्रवार को ओमान को नौ विकेट से हराकर विदा ली। जिम्बाब्वे और श्रीलंका से अप्रत्याशित हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। प्रतिष्ठा के लिए खेल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने औपचारिकता के इस मैच में ओमान को 16.2 ओवर में ही 104 रन पर आउट कर दिया था।

लेग स्पिनर एडम जम्पा ने चार विकेट चटकाए। जवाब में कप्तान मिचेल मार्श के 33 गेंद में नाबाद 64 रन और ट्रेविस हेड के 19 गेंद में 32 रन से ऑस्ट्रेलिया ने 9.4 ओवर में जीत दर्ज की। यह सौ रन से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेजी से दर्ज की गई जीत है। मार्श ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। वहीं हेड ने छह चौके लगाए। दोनों ने 93 रन की साझेदारी की।

इससे पहले जम्पा के चार विकेट से ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 104 रन पर आउट कर दिया। जम्पा ने 21 रन देकर चार विकेट लिए जबकि जेवियर बार्टलेट और ग्लेन मैक्सवेल को दो-दो विकेट मिले। ओमान 16.2 ओवर में आउट हो गई। वसीम अली ने ओमान के लिए 33 गेंद में 32 रन बनाये।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और पहली ही गेंद पर बार्टलेट ने आमिर कलीम का विकेट ले लिया। अगली चार गेंदों पर रन नहीं बने जिसके बाद करण सोनावले ने मिडऑन पर चौका लगाकर ओमान का खाता खोला। आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने स्लिप में करण का कैच टपकाया।

ICC/Getty Images

ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने अगले ओवर में मार्कस स्टोइनिस को चौका लगाया और बार्टलेट को भी इसके बाद चौका जड़ा। करण ने नाथन एलिस का स्वागत चौके के साथ किया।

एलिस ने हालांकि अगली ही गेंद पर सफलता हासिल की और कट शॉट खेलने के प्रयास में करण विकेट गंवा बैठे। जतिंदर ने कवर प्वाइंट के बीच से बार्टलेट को चौका जड़ा लेकिन अगली शानदार गेंद पर चकमा खा गए और फुटवर्क का इस्तेमाल किए बिना विकेट गंवा बैठे। ओमान ने पांच ओवर में 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।

AFP/Getty Images

हम्माद मिर्जा ने कैमरन ग्रीन को प्वाइंट के ऊपर से चौका लगाया जिससे पावरप्ले के आखिर में ओमान का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन था। बार्टलेट को मिर्जा और वसीम अली ने चौके लगाये जिसके बाद अनुभवी लेग स्पिनर जम्पा को गेंद सौंपी गई। उन्होंने पहले ही ओवर में मिर्जा का विकेट चटकाया। मैक्सवेल ने इसके बाद कैच छोड़ने की गलती की भरपाई करते हुए दो विकेट लिए।

Related Articles

Back to top button