अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप अभियान का समापन किया
अफगानिस्तान ने कनाडा के खिलाफ 82 रन से जीत के साथ अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान का समापन किया। इस मैच में मोहम्मद नबी ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में में अफगानिस्तान ने 4 विकेट खोकर 200 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने इब्राहिम जादरान के साथ 5.3 ओवर में 47 रन की साझेदारी की।
गुरबाज 20 गेंदों में 5 चौकों से 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गुलबदीन नायब (1) भी पवेलियन लौट गए। टीम इस समय 2 विकेट पर 49 रन ही बना सकी थी।
इसके बाद सेदिकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सेदिकुल्लाह 32 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों से 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जादरान ने अजमतुल्लाह उमरजई (13) के साथ 31 रन जोड़े, जबकि दरवेश रसूली (नाबाद 4) के साथ 25 रन की साझेदारी की।

इब्राहिम जादरान 56 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों से 95 रन बनाकर नाबाद रहे। कनाडा से जसकरण सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि डिलन हेलिगर ने 1 विकेट अपने नाम किया। कनाडा निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 118 रन ही बना सकी।
युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवर में 25 रन की साझेदारी की। दिलप्रीत 7 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें 2 छक्के शामिल थे। इसके बाद युवराज सामरा ने 17 रन जोड़े। टीम 48 रन पर अपने 5 विकेट खो चुकी थी।

इसके बाद साद बिन जफर ने हर्ष ठाकर के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 53 रन की साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त नहीं साबित हुई। हर्ष ठाकर 24 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साद ने 28 रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान से मोहम्मद नबी ने 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि राशिद खान ने 2 विकेट निकाले।



