Trending

कनाडा के खिलाफ न्यूजीलैंड की अंतिम लीग मैच में नहीं होंगे फर्ग्यूसन

न्यूजीलैंड को 2026 के टी20 विश्व कप में अपने तीसरे मुकाबले में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने अपने एक तेज गेंदबाज को अस्थायी छुट्टी देने का फैसला किया है।

यह छुट्टी लंबी नहीं होगी, लेकिन वह गेंदबाज टीम के आखिरी लीग मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि लॉकी फर्ग्यूसन हैं, जिन्हें न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट ने टी20 विश्व कप 2026 के दौरान पैरेंटल लीव दी है।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को पैरेंटल लीव प्रदान की गई है और वह कनाडा के खिलाफ टीम के अंतिम ग्रुप डी मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने रविवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की। यह पेसर रविवार, 14 फरवरी को अपने घर के लिए रवाना होंगे।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, “यह लॉकी और एम्मा के लिए बेहद खास और उत्साहजनक समय है। हमें खुशी है कि वह इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद रहेंगे।”

© Getty

कोच वाल्टर ने आगे कहा, “फिलहाल हम लॉकी फर्ग्यूसन की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं करेंगे, क्योंकि योजना है कि वह टूर्नामेंट के सुपर 8 चरण के लिए टीम से दोबारा जुड़ जाएंगे। हालांकि, हमारे ट्रैवलिंग रिजर्व खिलाड़ी बेन सियर्स और कोल मैककॉन्ची आवश्यकता पड़ने पर टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।”

न्यूजीलैंड ने अब तक इस टूर्नामेंट में अपने तीन ग्रुप मुकाबलों में से दो में जीत दर्ज की है और मंगलवार को उसका सामना कनाडा से होगा। यदि टीम अपने अंतिम लीग मैच में जीत हासिल करती है तो वह आसानी से सुपर 8 चरण में प्रवेश कर जाएगी।

अगर अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को न्यूजीलैंड को हार का सामना नहीं करना पड़ता, तो वह पहले ही सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी होती। इस मैच में लॉकी फर्ग्यूसन ने हिस्सा लिया था, लेकिन उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा। उन्होंने 3.1 ओवर में 33 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया।

टूर्नामेंट में अब तक लॉकी फर्ग्यूसन तीनों मैचों में खेले हैं। पहले मैच में उन्होंने दो विकेट लिए, जबकि दूसरे और तीसरे मैच में एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि, तीनों मुकाबलों में वह महंगे साबित हुए।

पहले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 40 रन दिए, दूसरे मैच में यूएई के खिलाफ 35 रन खर्च किए और तीसरे मुकाबले में 3.1 ओवर में 33 रन लुटा दिए।

Related Articles

Back to top button