Trending

रिकॉर्ड रन चेज के साथ भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में

वैभव-जॉर्ज की आक्रामक बल्लेबाज़ी से अफगानिस्तान को दी शिकस्त

अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, लेकिन भारतीय युवा टीम ने यह लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने शानदार शुरुआत की। फैजल शिनोजादा ने 110 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जबकि उजईरुल्लाह नियाजई 101 रन बनाकर नाबाद रहे।

दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 208 रनों की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखा। 310 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत आक्रामक रही। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 68 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े।

ICC/Getty Images

इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। मैच के असली हीरो रहे ओपनर एरॉन जॉर्ज, जिन्होंने दबाव में शानदार शतक जड़ा। जॉर्ज ने 115 रन बनाए। अंत में विहान मल्होत्रा ने भी उपयोगी योगदान दिया और टीम को जीत तक पहुंचाया।

भारत ने यह लक्ष्य सिर्फ 41.1 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारत 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है और उसकी नजर छठा खिताब जीतने पर होगी। खास बात यह है कि भारतीय टीम लगातार छठी बार फाइनल में खेलती नजर आएगी। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा।

Related Articles

Back to top button