गोरखपुर में 11वीं ऑल इंडिया लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी टी-20 का आगाज़ 22 फरवरी से
गोरखपुर क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात आने वाली है। लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित, मंडल क्रिकेट संघ से संबद्ध और उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ से मान्यता प्राप्त 11वीं आल इंडिया प्राइज मनी लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 22 फरवरी से 1 मार्च तक गोरखपुर में किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित लीग आधारित टी-20 प्रतियोगिता की मेजबानी रेलवे क्रिकेट ग्राउंड करेगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव और सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन ने बताया कि यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि वाली टी-20 लीगों में से एक है।
प्रतियोगिता में देशभर की आठ प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी, जो लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के लिए आपस में मुकाबला करेंगी। सफेद गेंद और रंगीन किट में खेली जाने वाली इस 20-20 ओवरों की प्रतियोगिता में टीमों को दो पूल में विभाजित किया जाएगा।
प्रत्येक पूल की टीमें आपस में मुकाबले खेलेंगी, जिसके बाद हर पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
डॉ. त्रिलोक रंजन ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर तकनीकी समिति सहित कई अन्य समितियों का गठन किया गया है।

तकनीकी समिति और अंपायरों के पैनल की देखरेख में ही टीमों का पूल निर्धारण किया जाएगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3 लाख रुपये नकद एवं लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 2 लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 21,000 रुपये, जबकि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 11,000-11,000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। हर मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को पूर्व पत्रकार स्वर्गीय योगेश्वर सिंह की स्मृति में ‘मैन ऑफ द मैच’ का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त इस प्रतियोगिता का आयोजन बीसीसीआई के नियमों के तहत, बीसीसीआई अंपायरों के पैनल द्वारा कराया जाएगा। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी थर्ड अंपायर की व्यवस्था रहेगी, जो कैमरों के माध्यम से रन आउट सहित अन्य अहम निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के संरक्षक हर्ष सिन्हा, संयुक्त सचिव डॉ. मुदित गुप्ता, के.के. बघेल, उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, शफीक अहमद सिद्दीकी, मनीष सिंह, राजन राव, प्रेम, मनोज, डॉ. एम.पी. सिंह, अरविंद मिश्रा, पंकज मिश्रा, सर्वेश श्रीवास्तव, निशांत त्रिपाठी, विजय श्रीवास्तव, डॉ. इब्राहिम, शैलेंद्र गुप्ता, अजय मल्ल, अजय दूबे सहित कई खिलाड़ी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।



