Trending

विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम के साथ मनाया जाएगा यूपी दिवस 2026

राघवेंद्र प्रताप सिंह: उत्तर प्रदेश दिवस 2026 को राज्य और जनपद स्तर पर भव्य, समावेशी और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के लिए शासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के आयोजन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और कार्यक्रमों की थीम, स्वरूप, प्रदर्शनियों और सम्मान समारोहों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जबकि जनपद स्तर पर भी मुख्य कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्यक्रम स्थलों का चयन समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद स्तर पर उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा से जुड़े अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई जाए। विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष स्टॉल स्थापित किए जाएं, ताकि लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंच सके।

ओडीओपी, जीआई टैग और स्थानीय व्यंजन होंगे आकर्षण :

‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्रय कराया जाएगा। जीआई टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों को ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के उत्पादों का भी प्रदर्शन और विक्रय कराया जाएगा।

मिशन शक्ति और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष आयोजन :

मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए कि युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्वों, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, संस्कृति-कला जगत की हस्तियों, खेल, पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि और श्रम विभाग से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाए।

युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं और पुरस्कार :

युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इसी अवधि में युवाओं के लिए प्रेरक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाए, जिससे युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

विदेशों में भी मनाया जाएगा यूपी दिवस :

मुख्य सचिव ने बताया कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए एमएसएमई और पर्यटन विभाग द्वारा सोवेनियर उपलब्ध कराए जाएंगे।

तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा :

बैठक में तिथिवार कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर सभी जनपदों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस और मतदाता जागरूकता दिवस तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।

संस्कृति उत्सव और विशेष स्वच्छता अभियान :

संस्कृति उत्सव 2025-26 के तहत 10 से 15 जनवरी तक ग्राम पंचायत, ब्लॉक और तहसील स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 17 से 19 जनवरी तक मंडलीय मुख्यालयों पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं, 22 जनवरी को लखनऊ में मंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं, 23 जनवरी को विजेताओं का पूर्वाभ्यास और 24 से 26 जनवरी तक विजेताओं की प्रस्तुतियां, सम्मान और पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

12 से 23 जनवरी तक चलाया जाएगा विशेष स्वच्छता अभियान :

इसके अलावा नगर विकास और पंचायती राज विभाग द्वारा 12 से 23 जनवरी, 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत सभी ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button