Trending

हरमनप्रीत–साइवर की चमक, मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को रौंदा

वूमेंस प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस ने जोरदार वापसी करते हुए अपने अभियान की पहली जीत दर्ज की और सीधे अंक तालिका के शिखर पर पहुंच गई। डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हराया।

इससे पहले मुंबई को अपने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली थी, लेकिन इस जीत ने टीम का आत्मविश्वास फिर से बुलंद कर दिया। दूसरी ओर, सीजन का पहला मुकाबला गंवाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर खिसक गई है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत हालांकि बेहद खराब रही और टीम ने महज 2 रन पर अमेलिया केर (0) का विकेट गंवा दिया।

जी कमलिनी ने नैट साइवर-ब्रंट के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने 32 गेंदों में 49 रन जोड़ते हुए टीम को 51 के स्कोर तक पहुंचाया। कमलिनी 16 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद नैट साइवर-ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पारी को नई दिशा दी।

BCCI

तीसरे विकेट के लिए इस जोड़ी ने 47 गेंदों में 66 रन जोड़े और स्कोर को 117 तक पहुंचाया। साइवर-ब्रंट ने 70 रन की शानदार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर ने निकोला कैरी के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करते हुए मुंबई को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया।

हरमनप्रीत 74 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि निकोला कैरी ने 21 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली कैपिटल्स से गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 2 विकेट चटकाए, जबकि चिनेल हेनरी और श्री चरणी को 1-1 विकेट मिला। 196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत भी निराशाजनक रही।

AFP/Getty Images

टीम ने 15 रन पर लिजेली ली (10) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद शेफाली वर्मा और लौरा वोलवार्ड ने दूसरे विकेट के लिए 17 रन जोड़े और स्कोर 32 तक पहुंचाया। शेफाली 8 रन बनाकर आउट हो गईं और इसके तुरंत बाद टीम ने 33 के स्कोर तक चौथा विकेट भी गंवा दिया।

मध्यक्रम में चिनेल हेनरी ने निकी प्रसाद के साथ छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 40 रन की साझेदारी कर दिल्ली को संभालने की कोशिश की। हालांकि, इस साझेदारी के टूटते ही दिल्ली की पारी फिर लड़खड़ा गई।

चिनेल हेनरी ने संघर्ष करते हुए सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि निकी प्रसाद 12 रन ही जोड़ सकीं। इसके अलावा स्नेह राणा ने 11 रन का योगदान दिया। पूरी दिल्ली कैपिटल्स 19 ओवरों में 145 रन पर सिमट गई।

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में निकोला कैरी और अमेलिया केर ने 3-3 विकेट झटके, जबकि नैट साइवर-ब्रंट ने 2 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया।

Related Articles

Back to top button