रणजी ट्रॉफी : अनुभवी मजूमदार और शाहबाज की जोड़ी ने संभाली बंगाल की पारी
रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी मैच के पहले दिन बंगाल ने शुरुआती झटकों से शानदार वापसी करते हुए रेलवे के खिलाफ पांच विकेट पर 273 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल कर ली।
बंगाल के इस प्रदर्शन के नायक रहे टीम के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी अनुस्तूप मजूमदार, जिन्होंने दबाव भरी स्थिति में अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए नाबाद शतक जड़ा, जबकि शाहबाज अहमद ने आक्रामक अर्धशतक से टीम को मुश्किलों से उबारा। मैच की शुरुआत बंगाल के लिए निराशाजनक रही।
कप्तान सुदीप घरामी (0), आदित्य पुरोहित (6) और सूरज सिंधु जायसवाल (5) जल्द ही पवेलियन लौट गए। स्कोरबोर्ड पर महज़ 27 रन थे और तीन विकेट गिर चुके थे। विकेटकीपर हबीब गांधी (28) ने थोड़ी देर तक संघर्ष किया, लेकिन 61 के कुल स्कोर पर वह भी आउट हो गए।

41 वर्षीय मजूमदार ने अपनी पुरानी पहचान के अनुसार पारी को संभालने का जिम्मा उठाया। उन्होंने धैर्य और सटीक शॉट चयन के साथ बल्लेबाज़ी करते हुए नाबाद 103 रन बनाए। मजूमदार को बेहतरीन समर्थन मिला शाहबाज अहमद से, जिन्होंने पिच की धीमी गति को नजरअंदाज करते हुए 86 रनों की तेज़ पारी खेली।
दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 134 रनों की अहम साझेदारी कर बंगाल को संकट से बाहर निकाला। शाहबाज जब अपने शतक के करीब थे, तभी कर्ण शर्मा की गेंद पर मिड-ऑफ पर कैच थमा बैठे। इसके बाद सुमंत गुप्ता (नाबाद 39) ने मजूमदार के साथ 78 रनों की अटूट साझेदारी कर दिन का अंत टीम के पक्ष में किया।
रेलवे से कुणाल यादव सबसे प्रभावशाली गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 19 ओवरों में 56 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। पहले दिन के अंत में बंगाल का पलड़ा पूरी तरह भारी नजर आया, और दूसरे दिन मजूमदार के बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीदें बनी हुई हैं।



