समाजवादी पार्टी के शपथ पत्रों को लेकर अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब

व्यूरो/ लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस समय चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। अब उन्होंने शपथ पत्रों को जमा करते समय मिली कुछ रसीदों को पोस्ट कर आयोग से जवाब मांगा है।
समाजवादी पार्टी से सांसद अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि, “ जो चुनाव आयोग ये कह रहा है कि हमें यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा दिये गये ऐफ़िडेविट नहीं मिले हैं, वो हमारे शपथपत्रों की प्राप्ति के प्रमाण स्वरूप दी गयी अपने कार्यालय की पावती को देख ले।”
उन्होंने आगे लिखा है कि इस बार हम मांग करते हैं कि चुनाव आयोग शपथपत्र दे कि ये जो डिजिटल रसीद हमको भेजी गयी है वो सही है, नहीं तो ‘चुनाव आयोग’ के साथ-साथ ‘डिजिटल इंडिया’ भी शक के घेरे में आ जाएगा। भाजपा जाए तो सत्यता आए!
गौरतलब है कि अखिलेश यादव के दावों पर चुनाव आयोग ने रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। आयोग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के आरोप बेबुनियाद हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।



