Trending

यूपी की ब्यूरोक्रेसी में सबसे ताकतवर अफसर बनकर उभरे आईएएस संजय प्रसाद

लखनऊ/ राघवेन्द्र प्रताप सिंह: उत्तर प्रदेश में गुरुवार को उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में बड़ा फेरबदल हुआ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को मुख्य सचिव बनाया गया था। इसके साथ ही वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय प्रसाद का कद भी बढ़ा दिया गया। अब वो वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ उन विभागों की भी कमान सँभालेंगे जो अभी तक गोयल के पास थीं।

प्रमुख सचिव संजय प्रसाद के कद में इजाफा होने के बाद अब वो सूबे के सबसे ताकतवर अफसर बन गए हैं । उनके पास पहले से ही प्रमुख सचिव सूचना और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव गृह की ज़िम्मेदारी है।

दरअसल संजय प्रसाद को उस समय बड़ी ज़िम्मेदारी मिली थी जब सीनियर आईएएस अवनीश अवस्थी सेवानिवृत्त हुए थे। अवनीश अवस्थी भी अपने समय में सबसे शक्तिशाली अफसर बनकर उभरे थे। वर्तमान में वह मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार के तौर पर काम कर रहे हैं।

गोयल की मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति के साथ ही संजय प्रसाद अब मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रमुख सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने गोयल के साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव, प्रोटोकॉल, गृह, गोपनीय, वीज़ा पासपोर्ट, सतर्कता एवं सूचना विभाग में कार्य किया है। प्रसाद को अब राजकीय संपदा और नागरिक उड्डयन विभागों का भी प्रभार दिया गया है।

राज्य के शीर्ष नौकरशाही पद को लेकर अनिश्चितता को समाप्त करते हुए गुरुवार को उत्तर प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को गुरुवार को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और उन्होंने कार्यभार संभाल लिया था।

इस तरह, 1988 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह के सेवा विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया था। सिंह उसी दिन सेवानिवृत्त हो गए थे, क्योंकि राज्य सरकार द्वारा उन्हें लंबी अवधि का कार्यकाल देने के अनुरोध पर केंद्र की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत गोयल ने आठ वर्षों से अधिक समय तक मुख्यमंत्री सचिवालय का नेतृत्व किया। 2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार के गठन के बाद, गोयल को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया और तब से वे मुख्यमंत्री सचिवालय का कार्यभार संभाल रहे थे।

Related Articles

Back to top button