केंद्र सरकार ने किया न्यूनतम समर्थन मूल्य ( एमएसपी) को लेकर समिति का गठन

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य ( एमएसपी) और किसानों की अन्य मांगों को लेकर एक कमेटी का गठन कर दिया है। यह समिति मुख्य रूप से शून्य बजट आधारित कृषि को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगी। यह कमिटी एमएसपी को मजबूत करने से जुड़ी सिफारिशें देगी।
पूर्व कृषि सचिव संजय अग्रवाल को अध्यक्ष बनाया गया है। संयुक्त सचिव (फसल) कमेटी के सदस्य सचिव होंगे। कमेटी में अध्यक्ष समेत कुल 29 सदस्य होंगे। इस समिति में 16 सदस्यों को नामित करने का प्रावधान होने की बात सामने आयी है।
इस समिति के सदस्यों में शामिल हैं :
- गुणवंत पाटिल
- कृष्णवीर चौधरी
- प्रमोद कुमार चौधरी,
- गुणी प्रकाश ( किसान प्रतिनिधि)
- पाशा पटेल (किसान प्रतिनिधि)
- दिलीप संघाणी (इफको चेयरमैन) – बिनोद आनंद (सहकारिता विशेषज्ञ)
कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के वरिष्ठ सदस्य नवीन प्रकाश सिंह, राष्ट्रीय कृषि विस्तार संस्थान के महानिदेशक डॉ. पी. चंद्रशेखर, कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेस जम्मू के कुलपति डॉ. जेपी शर्मा, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के वाइस चांसलर डॉ. प्रदीप कुमार बिसेन, भारत भूषण त्यागी (पद्मश्री किसान), नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद, भारतीय आर्थिक विकास संस्थान के डॉ. सीएससी शेखर और आईआईएम अहमदाबाद के डॉ. सुखपाल सिंह। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा के कृषि आयुक्त भी इसमें पदेन शामिल होंगे।



