द इंडियन व्यू

हेड कोच गौतम गंभीर ने भारतीय तेज गेंदबाजों को अनुभवहीनता के बावजूद किया डिफेंड

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के दौरान भारतीय आक्रमण की अनुभवहीनता खुलकर उजागर हुई, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि टीम के अधिकतर तेज गेंदबाज अभी अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं और उन्हें कुछ और समय देने की…

Ragwendra P Singh
June 25, 2025
4 min read
हेड कोच गौतम गंभीर ने भारतीय तेज गेंदबाजों को अनुभवहीनता के बावजूद किया डिफेंड

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के दौरान भारतीय आक्रमण की अनुभवहीनता खुलकर उजागर हुई, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि टीम के अधिकतर तेज गेंदबाज अभी अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं और उन्हें कुछ और समय देने की जरूरत है।

साभार : गूगल

इंग्लैंड की पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह को छोड़कर कोई भी अन्य गेंदबाज प्रभावशाली नहीं दिखा और मेजबान टीम ने मंगलवार को मैच के अंतिम दिन 371 रन का लक्ष्य बिना किसी परेशानी के हासिल किया। प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की लाइन और लेंथ में निरंतरता का अभाव दिखा।

गंभीर ने भारत की पांच विकेट से हार के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें उन्हें समय देना होगा। पहले हमारी टीम में चार तेज गेंदबाज होते थे, जिन्हें 40 से अधिक टेस्ट मैचों का अनुभव था। वनडे या टी20 मैचों में इसका इतना बड़ा प्रभाव नहीं पड़ता, लेकिन जब आप टेस्ट मैच खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड या दक्षिण अफ्रीका का दौरा करते हैं तो अनुभव काफी मायने रखता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके करियर के अभी शुरुआती दिन हैं।

अगर हम हर टेस्ट मैच के बाद अपने गेंदबाजों का मूल्यांकन करना शुरू कर देंगे, तो हम अच्छा गेंदबाजी आक्रमण कैसे तैयार कर पाएंगे। बुमराह और सिराज के अलावा हमारे पास तेज गेंदबाजी में उतना अनुभव नहीं है, लेकिन उनमें (अन्य में) गुणवत्ता है और यही वजह है कि वे इस भारतीय टीम में हैं।’’

गंभीर ने कहा, ‘‘लेकिन हमें उनका समर्थन करते रहना होगा, क्योंकि यह एक दौरे की बात नहीं है। यह एक मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार करने से जुड़ा है, जो टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक भारत की सेवा कर सके।’’ भारतीय टीम में शामिल अन्य तेज गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने अभी तक कोई टेस्ट नहीं खेला है जबकि हर्षित राणा ने दो मैच खेले हैं। प्रसिद्ध ने मैच में पांच विकेट लिए लेकिन उन्होंने काफी रन भी लुटाए।

गंभीर को लगता है कि प्रसिद्ध में ‘‘एक बहुत अच्छा टेस्ट गेंदबाज बनने के सभी गुण मौजूद हैं।’’ उन्होंने शार्दुल ठाकुर का भी बचाव किया, जिन्होंने पहली पारी में केवल छह और पूरे मैच में 16 ओवर ही फेंके। गंभीर ने कहा, ‘‘कप्तान परिस्थितियों के अनुसार फैसला करता है।

रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में हमें संतुलन प्रदान किया जिससे हम दूसरे छोर पर अपने तीन तेज गेंदबाजों में अदला बदली कर सकते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि शार्दुल का कौशल क्या है और इसलिए वह भारत के लिए खेल रहे है। सिर्फ इसलिए कि वह चौथे तेज गेंदबाज हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें स्पिनर से पहले उतारा जाना चाहिए।’’

पांच मैच की श्रृंखला के पहले मैच की दोनों पारियों में अच्छी शुरुआत के बावजूद भारत के निचले क्रम के बल्लेबाज कोई खास योगदान नहीं दे पाए। भारत ने पहली पारी में 41 रन के अंदर अंतिम सात विकेट और दूसरी पारी में 31 रन के अंदर छह विकेट गंवा दिए थे जिसका टीम को आखिर में खामियाजा भुगतना पड़ा।

गंभीर ने पुछल्ले बल्लेबाजों के बारे में कहा, ‘‘सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि ऐसा नहीं है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि यह निराशाजनक है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि वे किसी और से भी अधिक निराश हैं। क्योंकि वे जानते थे कि हमारे पास अवसर था।

अगर हम पहली पारी में 570 या 580 रन तक पहुंच जाते, तो हम मैच पर मजबूत पकड़ बना सकते थे। लेकिन हमारी हार का यह एकमात्र कारण नहीं है।’’ शुभमन गिल ने कप्तान के रूप में अपने पहले मैच में शतक जड़ा। गंभीर ने कहा कि गिल कप्तान के रूप में और बेहतर होते जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘कप्तान के रूप में यह उनका पहला टेस्ट मैच था, इसलिए थोड़ा नर्वस होना लाजमी है। ऐसा मौका बहुत कम लोगों को मिलता है और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उनके पास एक सफल कप्तान बनने के सभी गुण मौजूद हैं बस हमें उन्हें कुछ समय देना होगा।’’

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से हराया

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ का उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय की हार

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।