सोशल मीडिया पर कमांडर को जान से मारने की धमकी देने पर CRPF जवान बर्खास्त, जांच के बाद किया गया सेवा से बाहर

सरिता त्रिपाठी
नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने शनिवार (14 नवंबर, 2026) को एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने एक जवान को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई जवान द्वारा सोशल मीडिया पर अपने कंपनी कमांडर को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में की गई है। बल ने इस घटना को अनुशासन और कमांड की श्रृंखला के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल संज्ञान लिया।
कौन है आरोपी जवान?
अधिकारियों के मुताबिक, बर्खास्त किए गए जवान की पहचान प्रोबेशनरी कॉन्स्टेबल पिनाक नाथ के रूप में हुई है, जो असम के रहने वाले हैं। वह जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में तैनात CRPF की 33वीं बटालियन की 'अल्फा कंपनी' का हिस्सा था। वह हाल ही में बल में भर्ती हुआ था।
सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट किया?
जांच में सामने आया कि पिनाक नाथ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपने कंपनी कमांडर को मारने और फिर खुद आत्महत्या करने की धमकी दी थी। अपनी पोस्ट में उसने हाल ही में हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें एक अन्य बल के जवान ने अपने सर्विस हथियार से अपने सीनियर अधिकारी और साथियों की हत्या कर दी थी।
जांच और बर्खास्तगी
इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार (13 नवंबर, 2026) को पिनाक नाथ को 'केंद्रीय सिविल सेवा (अस्थायी सेवा) नियम, 1965' के प्रावधानों के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। CRPF का कहना है कि अनुशासन और कमांड की श्रृंखला के लिए किसी भी तरह की धमकी के प्रति उसकी नीति शून्य सहनशीलता की है।
बर्खास्तगी के बाद जवान ने क्या किया?
बर्खास्तगी के बाद पिनाक नाथ ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो साझा किया, जिसमें उसने बर्खास्तगी की जानकारी दी। इस वीडियो में वह आंसू भरी आंखों के साथ बर्खास्तगी का पत्र हाथ में लिए नजर आ रहा है।
यह पहला मामला नहीं
यह CRPF में बर्खास्तगी का पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2025 में, 41वीं बटालियन के कांस्टेबल मुनीर अहमद को एक पाकिस्तानी नागरिक से विवाह छिपाने के आरोप में सेवा से बर्खास्त किया गया था।
