संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जापान के राजदूत के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह ) : संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची के साथ आज नई दिल्ली में बैठक की। बैठक के बाद श्री सिंधिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इससे पहले, 22 सितंबर को जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और जापान के विदेश मामलों के संसदीय उपमंत्री काजुहिरो फुजी ने जापान के सानो शहर में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों पक्ष आपसी संबंधों को सुदृढ करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए थे।
इसी वर्ष जुलाई में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आई थीं। इस दौरान सुश्री सनाए ताकाइची ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की थी। इनमें व्यापार और निवेश, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियों, रक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषय शामिल थे।
भारत और जापान वर्ष 2014 से विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदार हैं। दोनों देशों की मित्रता का लंबा इतिहास रहा है, जिसकी नींव आध्यात्मिक जुड़ाव और मजबूत सांस्कृतिक तथा सभ्यतागत संबंधों पर आधारित है
