द इंडियन व्यू

‘शिकायत है तो अदालत जाएं…’, SIR प्रक्रिया पर सियासी घमासान के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की दो टूक

Poonam Kumari
October 27, 2026
3 min read
‘शिकायत है तो अदालत जाएं…’, SIR प्रक्रिया पर सियासी घमासान के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की दो टूक

New Delhi : देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विपक्षी दलों को दो टूक जवाब दिया है। वित्त मंत्री ने कहा है कि यदि विपक्षी दलों या किसी भी व्यक्ति को इस प्रक्रिया से कोई शिकायत है, तो वे न्याय के लिए सीधे अदालतों का रुख कर सकते हैं और वहां अपना मजबूत पक्ष रख सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट में महाराष्ट्र से जुड़े मामले की सुनवाई के बीच उनका यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।

विपक्ष अदालतों में रखे अपना पक्ष: निर्मला सीतारमण

SIR प्रक्रिया के विरोध में विपक्षी दलों द्वारा लगातार किए जा रहे प्रदर्शन और मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की जा रही शिकायतों के सवाल पर वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों को देश की अदालतें, जिनमें सुप्रीम कोर्ट भी शामिल है, पहले ही संज्ञान में ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लोग कानूनी प्रक्रियाओं में हिस्सा ले सकते हैं, अपना पक्ष रख सकते हैं और अदालतों के माध्यम से न्याय हासिल कर सकते हैं। कई लोग पहले से ही इस कानूनी रास्ते पर चल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक रणनीति के तहत विरोध-प्रदर्शन करने के लिए भी पूरी तरह स्वतंत्र हैं।

महाराष्ट्र में 2 करोड़ से ज्यादा नाम हटने पर गरमाई सियासत

बता दें कि महाराष्ट्र में SIR प्रक्रिया को लेकर उपजा विवाद अब सर्वोच्च अदालत तक पहुंच चुका है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई पर सहमति जताई और केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग समेत अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 5 नवंबर को होगी।

याचिका के आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या लगभग 9.79 करोड़ है। इनमें से करीब 2.07 करोड़ (20.68 लाख से अधिक) मतदाताओं के नाम मसौदा मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, हटाए गए यह नाम कुल पंजीकृत मतदाताओं का लगभग 21.14 प्रतिशत हैं। प्रशासन का तर्क है कि सत्यापन के दौरान ये मतदाता अपने तय पतों पर मौजूद नहीं मिले थे।

मुंबई-पुणे में पुनर्विकास कार्य बने बड़ी वजह

सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद दातार ने दलील दी कि मुंबई और पुणे जैसे महानगरों में बड़े पैमाने पर पुनर्विकास (रीडिवेलपमेंट) का काम चल रहा है। इस वजह से कई परिवार अस्थायी रूप से अपने पुराने पते को छोड़कर दूसरी जगहों पर शिफ्ट हो गए थे। सत्यापन टीम के पहुंचने पर वे अपने पुराने पतों पर नहीं मिले, जिसके चलते उनके नाम मतदाता सूची से काट दिए गए। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि करीब 1.22 करोड़ मतदाताओं के नाम ‘तार्किक विसंगतियों’ का हवाला देकर हटाए गए हैं।

याचिका में कोर्ट से लगाई गई है ये गुहार

चार्टर्ड अकाउंटेंट और पत्रकार अरुण आनंदगिरि की ओर से सुप्रीम कोर्ट में यह जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि जब तक अदालत इस पूरे मामले पर अपना अंतिम फैसला नहीं सुना देती, तब तक महाराष्ट्र में SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि पुनरीक्षण से पहले की मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम शामिल थे, उन्हें अदालत के आदेश तक सूची से बाहर न किया जाए।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय विशेष पीठ जिसमें न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल हैं इस मामले की सुनवाई कर रही है। अदालत के आगामी रुख पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें