व्हाइट हाउस में ट्रंप ने भारतीय प्रवासियोंसंग मनाई दिवाली, तोहफे में मिली हनुमान चालीसा

विवेक ओझा
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (6 नवंबर, 2026) को व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के साथ दिवाली का पर्व मनाया। इस दौरान हेल्थ-टेक कंपनी GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की।
ओवल ऑफिस में दिवाली का आयोजन
व्हाइट हाउस के आधिकारिक कार्यक्रम के तहत यह दिवाली समारोह ओवल ऑफिस में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के कई प्रमुख उद्यमी, हस्तियां और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के दिग्गज शामिल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आयोजन में मिशेलिन-स्टार शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला भी मौजूद रहे।
ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा
समारोह के दौरान भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की और उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की। इस पल की तस्वीरें गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि प्रस्तुत की गई हनुमान चालीसा की प्रति क्रीम रंग की थी, जिसके कवर पर भगवान हनुमान का चित्र और लाल रंग में सजावटी कमल के फूल बने हुए थे।
विशाल गोंडल ने क्या कहा?
विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "ओवल ऑफिस में रोशनी के साझा पल। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना और उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करना मेरे लिए सम्मान की बात है। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित यह पावन पाठ हममें से करोड़ों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए जपते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "जब दीये जलाए जा रहे थे, तब मेरी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती के लिए तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय के लिए थी।" गोंडल ने पारंपरिक भारतीय आशीर्वाद 'जुग-जुग जियो' का भी जिक्र किया, जिसका अर्थ है 'आप दीर्घायु हों'। उन्होंने इस आशीर्वाद के साथ दुनिया भर के लोगों के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
हनुमान चालीसा का महत्व
हनुमान चालीसा भगवान हनुमान को समर्पित 40 श्लोकों वाली एक भक्ति रचना है, जिसे 16वीं सदी के कवि गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा था। हिंदू धर्म में इसे साहस, शक्ति और भक्ति का प्रतीक माना जाता है और इसका नियमित पाठ किया जाता है।
व्हाइट हाउस में दिवाली की परंपरा
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने शुरू की थी। शुरुआत में ये समारोह आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में होते थे। साल 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। तब से लेकर अब तक हर साल व्हाइट हाउस में दिवाली का आयोजन किया जाता रहा है।
