द इंडियन व्यू

लखनऊ में ब्लड बैंकों पर FSDA का सख्त एक्शन: 7 और सेंटरों पर ताला, कुल 14 पर लगी रोक

Poonam Kumari
October 31, 2026
2 min read
लखनऊ में ब्लड बैंकों पर FSDA का सख्त एक्शन: 7 और सेंटरों पर ताला, कुल 14 पर लगी रोक

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ब्लड बैंकों में नियमों की अनदेखी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) का अभियान लगातार जारी है। शनिवार (31 अक्टूबर, 2026) को FSDA ने सात और ब्लड बैंकों का संचालन बंद करा दिया है। इसके साथ ही अब तक प्रदेश के कुल 14 ब्लड बैंकों में रक्त संग्रह, प्रसंस्करण और वितरण पर रोक लगाई जा चुकी है।

81 ब्लड सेंटरों की हुई जांच

FSDA की टीमें अब तक 31 जिलों के 81 ब्लड सेंटरों की औचक जांच कर चुकी हैं। तीन दिन के अंतराल के बाद दूसरे चरण में जिन सात ब्लड बैंकों पर कार्रवाई की गई है, उनमें आगरा का जय हिंद चैरिटेबल ब्लड सेंटर, मुरादाबाद का पाकवारा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, अमरोहा का जीवन-24 चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बिजनौर का यशवंती चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बदायूं का भारत ह्यूमैनिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, बुलंदशहर का डिबाई चैरिटेबल ब्लड सेंटर और जौनपुर का बदलापुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर शामिल हैं।

क्या-क्या मिलीं गंभीर अनियमितताएं?

औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त अखिलेश जैन के मुताबिक, जांच में कई केंद्रों पर रक्त की अनिवार्य एलाइजा जांच के बजाय रैपिड किट का इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ केंद्रों पर खराब डीप फ्रीजर में रक्त घटक रखे मिले, तो कई जगह चिकित्सक और प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी अनुपस्थित थे। रक्त के भंडारण, तापमान नियंत्रण और जरूरी अभिलेखों के रखरखाव में भी लापरवाही मिली।

बिजनौर में मिली बड़ी खामी

बिजनौर के एक केंद्र में माइनस 80 डिग्री तापमान पर काम करने वाले डीप फ्रीजर का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस मिला, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। कुछ केंद्रों पर उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी दवाएं भी बरामद हुईं। औषधि निरीक्षकों की अंतरजनपदीय टीमों ने रक्त की गुणवत्ता, संक्रमण जांच, कोल्ड चेन, रक्तदाता रजिस्टर, स्टॉक और मूल्य निर्धारण की पड़ताल की।

अन्य केंद्रों को नोटिस

जांच में कमियां मिलने पर शेष केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिन ब्लड बैंकों का संचालन बंद कराया गया है, वहां उपलब्ध रक्त और रक्त घटकों के सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें