लखनऊ में दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर, तिहरे हत्याकांड और जनशिकायतों से घिरे थानों को मिले नए इंस्पेक्टर

सरिता त्रिपाठी
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में बुधवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया। सआदतगंज और बाबू बनारसी दास (बीबीडी) समेत चार थानों में नए प्रभारी निरीक्षक तैनात किए गए हैं। इन दोनों थानों के पूर्व प्रभारियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हुई थी।
नए प्रभारियों की तैनाती
- सआदतगंज: पुलिस लाइjन में तैनात निरीक्षक दुर्गविजय सिंह को सआदतगंज थाने की कमान सौंपी गई है।
- बीबीडी: महानगर थाने में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात राममूरत को बीबीडी का नया प्रभारी बनाया गया है।
- मोहनलालगंज: इंद्रजीत सिंह को मोहनलालगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
- अमीनाबाद: प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव को अमीनाबाद थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
- साइबर थाना: निरीक्षक दिनेश सिंह को साइबर थाने में तैनाती मिली है।
तिहरे हत्याकांड में लापरवाही पर कार्रवाई
सआदतगंज के नौबस्ता में बरगद के चबूतरे के पास कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस की पूर्व कार्रवाई पर सवाल उठे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य को निलंबित कर दिया गया था।
जनशिकायतों में लापरवाही पर बीबीडी प्रभारी हटाए गए
बीबीडी के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक राम सिंह को 27 अक्टूबर को डीजीपी राजीव कृष्ण की प्रदेशव्यापी समीक्षा के बाद निलंबित किया गया था। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और शिकायतों में बढ़ोतरी के आधार पर प्रदेश के नौ जिलों के 10 थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई थी, जिनमें लखनऊ का बीबीडी थाना भी शामिल था।
