द इंडियन व्यू

राजा भैया के कुंडा में आज से धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, आयोजन से पहले निकली भव्य कलश यात्रा; 200 गांवों में उमड़ी श्रद्धा

Poonam Kumari
November 17, 2026
3 min read
राजा भैया के कुंडा में आज से धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, आयोजन से पहले निकली भव्य कलश यात्रा; 200 गांवों में उमड़ी श्रद्धा

राघवेंद्र प्रताप सिंह

प्रतापगढ़: कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के आवास बेंती राजभवन में मंगलवार (17 नवंबर, 2026) से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हो रहा है। इस भव्य आयोजन से पहले सोमवार को कुंडा क्षेत्र में एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसने श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा पेश किया।

आठ दिशाओं से निकली कलश यात्रा

रामकथा के शुभारंभ से पहले सुबह आठ बजे आठ अलग-अलग दिशाओं से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं का नेतृत्व राजा भैया के दोनों पुत्रों—शिवराज प्रताप सिंह और बृजराज प्रताप सिंह ने अलग-अलग क्षेत्रों में किया। समर्थकों का दावा है कि इन कलश यात्राओं में 1,500 से अधिक वाहन और एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। ये यात्राएं करीब 200 गांवों और 50 कस्बों से गुजरीं, जहां श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शाम को सभी यात्राएं बेंती राजभवन पहुंचीं। इस अवसर पर कई मुस्लिम महिलाओं ने भी कलश यात्रा में भाग लेकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

राजा भैया बने धीरेंद्र शास्त्री के 'सारथी'

इससे पहले सोमवार शाम को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राजा भैया ने उनका भव्य स्वागत किया। खास बात यह रही कि राजा भैया ने स्वयं गाड़ी चलाकर बाबा बागेश्वर को कुंडा ले जाने का काम किया। एयरपोर्ट पर राजा भैया ने शास्त्री जी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कुंडा पहुंचने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर पंचवटी में विश्राम किया। इस दौरान अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास भी कुंडा पहुंचे।

दिव्य दरबार का भी होगा आयोजन

चार दिवसीय इस आयोजन में पहले तीन दिन (17 से 19 नवंबर तक) दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम कथा का वाचन होगा, जबकि 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भव्य 'दिव्य दरबार' लगाया जाएगा। कथा स्थल पर विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां एक साथ एक लाख श्रद्धालु कथा सुन सकेंगे। आयोजन समिति के मुताबिक, करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।

500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को भी दिया न्योता

राजा भैया ने पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थियों को भी इस रामकथा में आमंत्रित किया है। उनके ठहरने के लिए टेंट सिटी बनाई जा रही है और भोजन की भी व्यवस्था की गई है। कथा समाप्त होने के बाद इन शरणार्थियों को अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज के प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया जाएगा, जिसके लिए 10 बसों का इंतजाम किया गया है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

इस आयोजन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजा भैया ने सोमवार को कहा कि देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था और मुस्लिम लीग व जिन्ना ने इस्लामिक राष्ट्र की मांग की थी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं ने कभी नहीं कहा कि वे मुसलमानों के साथ नहीं रह सकते। वहीं, कथा रोके जाने की बात पर उन्होंने कहा कि यह असंवैधानिक होगा, क्योंकि भारत इस्लामिक राष्ट्र नहीं है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री जाति-पाति की विदाई और हिंदुओं की एकजुटता की बात करते हैं।

सुरक्षा के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें