द इंडियन व्यू

योगी सरकार की दीवाली पहल: 'एक दीया गोमाता के नाम' अभियान, 7,500 से अधिक गोशालाओं में जलेगा दीया; युवा लेंगे संरक्षण का संकल्प

Poonam Kumari
October 28, 2026
2 min read
योगी सरकार की दीवाली पहल: 'एक दीया गोमाता के नाम' अभियान, 7,500 से अधिक गोशालाओं में जलेगा दीया; युवा लेंगे संरक्षण का संकल्प

अभिषेक सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इस बार दीपावली का पर्व गो संरक्षण और ग्रामीण स्वावलंबन के संदेश के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 'एक दीया गोमाता के नाम' अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य गो संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना और गो आधारित उत्पादों को बढ़ावा देना है।

7,500 से अधिक केंद्रों पर दीयों का उजाला

इस पहल के तहत प्रदेश के 7,500 से अधिक गो संरक्षण केंद्रों और निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों को दीपावली के अवसर पर दीयों से रोशन करने की योजना है। गोशालाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि त्योहार का उत्साह गोवंश संरक्षण के संदेश के साथ जन-जन तक पहुंचे। गोशालाओं को केवल आश्रय स्थल के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण सहभागिता और जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

युवा लेंगे संरक्षण का संकल्प

अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। निराश्रित गोवंश के संरक्षण में समाज की भागीदारी बढ़ाने के साथ लोगों को गो आधारित उत्पादों के उपयोग और उनकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

महिलाओं की आय में होगी बढ़ोतरी

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के अनुसार, गो आधारित उत्पादों को प्रोत्साहित करने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार गो उत्पादों और उनसे बनी वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनकी बिक्री से ग्रामीण महिलाओं को अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा। साथ ही, दीपावली पर गो आधारित उत्पादों से आकर्षक उपहार तैयार करने की भी योजना है, ताकि इनकी खरीदारी को प्रोत्साहन मिल सके।

धार्मिक परंपरा और आर्थिक स्वावलंबन का संगम

गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि दीपावली पर गोशालाओं को रोशन करने और गो आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने की यह पहल धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा के साथ ग्रामीण स्वावलंबन को जोड़ने का प्रयास है। इससे एक ओर जहां निराश्रित गोवंश के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और किसानों के लिए आर्थिक अवसरों को प्रोत्साहित करने की संभावनाएं भी बनेंगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें