द इंडियन व्यू

योगी सरकार का स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त छठ घाटों पर जोर, श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल शौचालय से लेकर गोताखोरों तक के इंतजाम

Poonam Kumari
November 18, 2026
3 min read
योगी सरकार का स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त छठ घाटों पर जोर, श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल शौचालय से लेकर गोताखोरों तक के इंतजाम

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार छठ पर्व को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस बार घाटों को प्लास्टिक मुक्त रखने और स्वच्छता की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगरीय निकायों को घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।

घाटों का होगा सौंदर्यीकरण

अभियान के तहत सभी छठ घाटों की समुचित साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कचरा संवेदनशील स्थलों का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही वृक्षारोपण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्लास्टिक मुक्त और जीरो वेस्ट आयोजन

योगी सरकार की मंशा के अनुरूप छठ घाटों को 'नो प्लास्टिक जोन' के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ ही श्रद्धालुओं को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आयोजन को 'जीरो वेस्ट इवेंट' के रूप में संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।

श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, स्नानघर और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। घाटों पर दिशा-सूचक बोर्ड और जागरूकता संबंधी साइनेज लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जनभागीदारी से बनेगा जन आंदोलन

स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वच्छ सारथी क्लब, स्वयंसेवी संगठनों, एनजीओ, सीएसओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। श्रमदान, सामूहिक स्वच्छता अभियान, रंगोली, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक, जिंगल और वीडियो के जरिए भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

प्रत्येक घाट पर 'अर्पण कलश' स्थापित किए गए हैं, ताकि फूलों और पूजा सामग्री का अलग-अलग संग्रहण किया जा सके। इसके अलावा हरे और नीले डस्टबिन के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

निगरानी और सफाई पर सख्त निर्देश

घाटों पर प्रतिदिन कम से कम दो बार सफाई, कचरे एवं सिल्ट का तत्काल उठान और अधिकारियों-कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता संबंधी संदेश दिए जा रहे हैं। छठ पूजा संपन्न होने के बाद भी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे।

स्वच्छ घाट प्रतियोगिता

इस वर्ष भी छठ पर्व के अवसर पर 'स्वच्छ घाट प्रतियोगिता' का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से नगरीय निकायों में स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें