द इंडियन व्यू

यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में बनेगा: CM योगी आज करेंगे शिलान्यास, 491 करोड़ की लागत से 50 हेक्टेयर में होगा निर्माण; साथ में 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात

Poonam Kumari
November 19, 2026
3 min read
यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में बनेगा: CM योगी आज करेंगे शिलान्यास, 491 करोड़ की लागत से 50 हेक्टेयर में होगा निर्माण; साथ में 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात

राघवेंद्र प्रताप सिंह

उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक और पर्यावरणीय परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (19 नवंबर) गोरखपुर के कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (Forestry and Horticulture University) का शिलान्यास करेंगे। करीब 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्र में फैले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। यह उत्तर प्रदेश का पहला और देश का दूसरा ऐसा विश्वविद्यालय होगा, जो वानिकी और उद्यानिकी के क्षेत्र में विशेषीकृत उच्च शिक्षा प्रदान करेगा।

विश्वविद्यालय की खासियत और पाठ्यक्रम

इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना है। यहां वानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल और बागवानी जैसे आधुनिक विषयों में पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों को स्नातक (BSc), परास्नातक (MSc), पीएचडी के साथ-साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रमों का विकल्प भी मिलेगा। विश्वविद्यालय परिसर में 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास और 401 आवासीय यूनिट बनाई जाएंगी। निर्माण कार्य को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गोरखपुर बनेगा 'नॉलेज कैपिटल'

इस नई उपलब्धि के बाद गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट (यूनिक) विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। अभी तक जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं। वानिकी विश्वविद्यालय के जुड़ने से गोरखपुर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई को स्पर्श करेगा।

792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात

शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुल 792.55 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये परियोजनाएं ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी, बाढ़ बचाव और अन्य बुनियादी ढांचा क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जिससे पूर्वांचल के विकास को नई गति मिलेगी। शिलान्यास के बाद सीएम योगी अपराह्न तीन बजे टाउन हॉल मैदान पर जन चौपाल के माध्यम से नागरिकों से संवाद भी करेंगे।

तैयारियां अंतिम चरण में

शिलान्यास समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कैंपियरगंज के भारीवैसी में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है और मंच, पंडाल तथा बैरिकेडिंग का काम पूरा किया जा रहा है। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, डीएफओ शुभम सिंह, एसडीएम आलोक रंजन सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। क्षेत्रीय विधायक फतेह बहादुर सिंह भी गांवों में बैठकें कर लोगों को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपने में जुटे हैं।

यह विश्वविद्यालय न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल के युवाओं के लिए वानिकी और उद्यानिकी के क्षेत्र में करियर के नए अवसर खोलेगा। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों पर शोध को बढ़ावा देकर यह संस्थान उत्तर प्रदेश को हरित और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें