द इंडियन व्यू

यूपी PET एग्जाम 2026: 60 जिलों में आज 12 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, बारिश के अलर्ट के बीच विशेष इंतजाम; नोडल अधिकारी अलर्ट पर

Poonam Kumari
October 30, 2026
2 min read
यूपी PET एग्जाम 2026: 60 जिलों में आज 12 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, बारिश के अलर्ट के बीच विशेष इंतजाम; नोडल अधिकारी अलर्ट पर

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार (30 अक्टूबर, 2026) को प्रदेश के 60 जिलों में करीब 12 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग छह लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है।

बारिश के अलर्ट के बीच विशेष इंतजाम

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से प्रदेश में शुक्रवार को भी बारिश की आशंका है। इसे देखते हुए आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष सत्य नारायण साबत ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि सभी 60 जिलों के नोडल अधिकारियों (अपर जिलाधिकारी) और नोडल पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जा चुकी है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए गुरुवार को रिहर्सल भी कराया गया।

प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा के निर्देश

बारिश को देखते हुए आयोग ने सभी 60 जिलों को प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा के लिए निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्रों को ले जाने वाले ट्रक समेत अन्य वाहनों में तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था की जानी है, ताकि बारिश से परीक्षा सामग्री को नुकसान न पहुंचे।

स्टेशनों पर अभ्यर्थियों के लिए इंतजाम

बारिश के कारण अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए संबंधित जिलों को रेलवे और बस स्टेशनों पर भी जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों के ठहरने और बारिश से बचाव के लिए छायादार स्थानों की व्यवस्था करने को कहा गया है।

स्कूलों में अवकाश

परीक्षा के चलते 60 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। यह फैसला परीक्षा के आयोजन और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए लिया गया है। हालांकि, शिक्षण स्टाफ को परीक्षा संबंधी ड्यूटी के लिए रिपोर्ट करना होगा।

परीक्षा का कार्यक्रम

PET-2026 का पहला दिन 25 अक्टूबर को आयोजित किया गया था, दूसरा दिन शुक्रवार (30 अक्टूबर) को है, जबकि तीसरे दिन 1 नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग का प्रयास है कि बरसात से परीक्षा और परीक्षार्थी दोनों प्रभावित न हों।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें