द इंडियन व्यू

'मुस्लिम लीग और जिन्ना ने मांगा था इस्लामिक राष्ट्र', कुंडा में रामकथा से पहले राजा भैया का बयान

Poonam Kumari
November 17, 2026
3 min read
'मुस्लिम लीग और जिन्ना ने मांगा था इस्लामिक राष्ट्र', कुंडा में रामकथा से पहले राजा भैया का बयान

अभिषेक सिंह

प्रतापगढ़: कुंडा विधानसभा क्षेत्र के बेंती कोठी में आयोजित श्रीराम कथा के शुभारंभ से पहले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने सोमवार (16 नवंबर, 2026) को कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने भारत के विभाजन को लेकर मुस्लिम लीग और मोहम्मद अली जिन्ना की राजनीति पर सीधा हमला बोला और कहा कि धर्म के आधार पर देश का बंटवारा हुआ था।

'हिंदुओं ने कभी नहीं कहा कि वे मुसलमानों के साथ नहीं रह सकते'

मीडिया से बातचीत में राजा भैया ने कहा, "भारत का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था। मुस्लिम लीग और जिन्ना ने यह मांग उठाई थी कि उन्हें इस्लामिक राष्ट्र चाहिए और वे हिंदुओं के साथ नहीं रह सकते।" उन्होंने साफ किया कि हिंदुओं ने कभी यह नहीं कहा कि वे मुसलमानों के साथ नहीं रह सकते। यह बयान उन्होंने रामकथा के आयोजन से ठीक पहले दिया, जिसे राजनीतिक गलियारों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रामकथा का उद्देश्य

राजा भैया ने कहा कि प्रभु श्रीराम का चरित्र इतना व्यापक और विस्तृत है कि उसका पूरा वर्णन कर पाना किसी के लिए भी संभव नहीं है। उन्होंने कहा, "श्रीराम कथा का सबसे बड़ा उद्देश्य जनसामान्य को भगवान श्रीराम के विराट चरित्र से परिचित कराना और उन्हें सद्बुद्धि, धर्म तथा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना है। समाज को अंधकार से उजाले की ओर ले जाने का प्रयास ही इस कथा का मूल उद्देश्य है।"

पूर्व बयानों से पीछे हटने से किया इनकार

अपने पहले के राजनीतिक बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर राजा भैया ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जो कहना था, वह कह चुके हैं और उससे पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं है।" इससे साफ हो गया कि वे अपने पूर्व के बयानों पर कायम हैं।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर का स्वागत

इससे पहले सोमवार शाम को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने 60 सहयोगियों के साथ बेंती पहुंचे। दुबई से बमरौली एयरपोर्ट पर उतरने पर कथा के आयोजक राजा भैया ने उनका स्वागत किया और खुद अपनी गाड़ी चलाकर उन्हें बेंती ले आए। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री राजभवन स्थित पंचवटी में चार दिन प्रवास करेंगे। उनके आगमन के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं और उनके ठहरने के लिए निर्धारित परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

कथा स्थल की भव्य तैयारियां

कथा स्थल पर आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए बिना लहसुन-प्याज के भोजन की व्यवस्था की गई है। परिसर में छह हजार कुर्सियों, 70 सोफों और 50 कूलर की व्यवस्था की गई है। कथा स्थल तक जाने वाले सभी रास्तों पर भगवा झंडों से सजावट की गई है और पंडित धीरेंद्र शास्त्री के आगमन से पहले सड़कों को पानी से धुलवाकर स्वच्छ किया गया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें