द इंडियन व्यू

भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कॉप-31 में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

Poonam Kumari
November 11, 2026
2 min read
भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कॉप-31 में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह ) : भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और समानता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा सम्मेलन – यू.एन.एफ.सी.सी.सी.के 31वें सम्मेलन कॉप-31 में निष्पक्ष, समान और महत्वाकांक्षी परिणाम की अपील की है। यह सम्मेलन तुर्किए के अंताल्या में आयोजित हो रहा है।

कल शुरू हुए सम्मेलन में भारत का प्रारंभिक वक्तव्य देते हुए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव नरेंद्र भूषण ने बहुपक्षीय सहयोग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यू.एन.एफ.सी.सी.सी. और पेरिस समझौता ऐसे समावेशी मंच हैं, जहां हर देश को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।

भारत ने कहा कि वैश्विक तापमान में वृद्धि डेढ़ डिग्री सेल्सियस की सीमा पार करने की आशंका के बीच समानता का महत्व और बढ़ गया है, ताकि जलवायु परिवर्तन से निपटने के सामूहिक प्रयासों में कोई भी पीछे न छूटे।

भारत ने दोहराया कि वह अपने लोगों के विकास और कल्याण को आगे बढ़ाते हुए वैश्विक जलवायु कार्रवाई में उचित योगदान देता रहेगा।

जलवायु वित्त के मुद्दे पर भारत ने कहा कि विकासशील देशों में जलवायु कार्रवाई को गति देने और उनकी कमजोरियों से निपटने के लिए अनुकूलन संबंधी वित्तीय सहायता बढ़ाने में विकसित देशों का सार्वजनिक वित्तपोषण महत्वपूर्ण है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें