ब्रजेश पाठक ने सपा पर साधा निशाना, लाल टोपी का बताया खतरे की घंटी

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की लाल टोपी को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने लाल टोपी खतरे का निशान बताते हुए कहा कि हमारे विधायक भी टोपी लगाते हैं लेकिन वो खतरे वाली टोपी नहीं है. पाठक ने ये बयान लखनऊ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम के दौरान दिया।
ब्रजेश पाठक टैबलेट और लैपटॉप वितरण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक डॉ. नीरज बोरा का मंच से नाम लिया और उनकी ओर इशारा करते हुए जनता को दिखाया. इसके बाद समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि लाल टोपी खतरे का निशान है. ब्रजेश पाठक ने कहा, "ये लाल टोपी नहीं है, खतरनाक वाली टोपी नहीं हैं, ये खतरे की घंटी वाले विधायक नहीं हैं।"
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और अन्य कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तरी क्षेत्र से विधायक नीरज बोरा काले रंग की पहाड़ी टोपी लगाकर पहुंचे थे। जिसकी ओर इशारा करते हुए ब्रजेश पाठक ने सपा पर निशाना साधा।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम आपके वोट की ताकत को जानते है. इसलिए सरकार ने अपने खजाने से आपको लैपटॉप और टेबलेट देने का काम किया है. इस सरकार में पूरे प्रदेश की सड़कें बढ़िया है. 24 घंटे बिजली आती है. सपा सरकार में एक सप्ताह दिन में और एक सप्ताह रात में लाइट आती थी. मेहमान घर नहीं आते थे।
सपा सरकार ने नौजवानों को अपराधी बनाया है. युवाओं को कट्टा फैक्ट्री की तरफ सपा सरकार ने भेजने का काम किया. पाठक ने कहा कि 26 जनवरी तक यूपी ने 1 लाख नौजवानों को नौकरी दी जाएगी. हमने युवकों को समझा है. हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को और भी विकसित प्रदेश बनाएंगे।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन के जरिए हमें और आपको बांटने का काम किया है. सपा गठबंधन लाकर उत्तर प्रदेश को जाति और धर्म के आधार पर बांटना चाहती है. वह प्रदेश को विखंडित करना चाहती है. उन्होंने आह्वान किया कि सभी छात्र एकजुट होकर बीजेपी को जिताने का काम करें।
